मुख्यपृष्ठखेलरोहित के निशाने पर गांगुली

रोहित के निशाने पर गांगुली

३६ साल के रोहित शर्मा ने अब तक इस विश्वकप में तीन पारियों में ७२ की औसत से २१७ रन बनाए हैं। इनमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। वे फिलहाल भारतीय टीम की ओर से विश्वकप २०२३ में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। भारत का अगला मुकाबला आज बांग्लादेश से पुणे में है। इस मैच में और पूरे विश्वकप में रोहित एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। वे जिस लय में बल्लेबाजी कर रहे हैं, पूरी उम्मीद है कि वह इस रिकॉर्ड को तोड़ने में कामयाब रहेंगे। दरअसल, यह रिकॉर्ड है बतौर कप्तान विश्वकप के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी का। इस मामले में रोहित के सबसे नजदीक महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड है। रोहित का यह बतौर कप्तान पहला वनडे विश्वकप है। १९८३ विश्वकप में भारत को चैंपियन बनाने वाले कप्तान कपिल देव ने टूर्नामेंट में ३०३ रन बनाए थे। उनके रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने के लिए रोहित को ८७ रन की जरूरत है, वहीं विराट कोहली ने २०१९ विश्वकप में पांच अर्धशतक की मदद से ४४३ रन बनाए थे। इस लिस्ट में सबसे ऊपर सौरव गांगुली हैं। उन्होंने २००३ विश्वकप में टीम इंडिया की कप्तानी करते हुए तीन शतक की मदद से ४६५ रन बनाए थे। रोहित को गांगुली का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए २४९ रन की जरूरत है। हालांकि, उनके फॉर्म को देखते हुए लगता है कि वह इसे तोड़ देंगे। रोहित के पास फिलहाल लीग राउंड में छह मैच हैं।

अन्य समाचार