मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबईकरों के लिए खुशखबरी! ... सितंबर में म्हाडा निकालने जा रहा है...

मुंबईकरों के लिए खुशखबरी! … सितंबर में म्हाडा निकालने जा रहा है २,००० घरों की लॉटरी

जिम, स्विमिंग पूल, इलेक्ट्रिक चार्जिंग पॉइंट से लैस होंगी ये इमारतें!
राजेश जायसवाल / मुंबई
महाराष्ट्र गृहनिर्माण व क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) अब मुंबईकरों के लिए आलीशान घरों जैसी सुविधा मुहैया कराएगा। मुंबई बोर्ड की लॉटरी का इंतजार करनेवाले लोगों के लिए खुशखबरी है। मुंबई बोर्ड सितंबर में करीब २,००० घरों की लॉटरी जारी करने की योजना पर काम कर रहा है। लॉटरी में गोरेगांव स्थित म्हाडा की आधुनिक इमारतों के भी करीब ३३२ घरों को शामिल किया जाएगा। ये घर उच्च और मध्यम श्रेणी के होंगे।
उच्च वर्ग के घर करीब ९७९ वर्ग फुट और मध्यम वर्ग के घर करीब ७१४ वर्ग फुट के होंगे। उच्च वर्ग के घरों की कीमत करीब १.२५ करोड़ रुपए और मध्य वर्ग के घरों की कीमत-करीब ८० लाख रुपए होने का अनुमान है। गोरेगांव की इमारतों में म्हाडा द्वारा पहली बार जिम, स्विमिंग पूल, इलेक्ट्रिक चार्जिंग पॉइंट की सुविधा प्रदान की गई है। इन घरों का काम करीब ८० प्रतिशत तक पूरा हो चुका है, मौजूदा समय में अंतिम चरण का कार्य चल रहा है। दो से ढाई महीने में घर तैयार होंगे। गौरतलब है कि मुंबई बोर्ड की अंतिम लॉटरी पिछले वर्ष जारी हुई थी, जिसमें ४,०८२ घरों के लिए १.२२ लाख लोगों ने आवेदन किया था। लॉटरी में नाम न आनेवाले आवेदक म्हाडा की अगली लॉटरी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। म्हाडा के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, मुंबई के विभिन्न इलाकों के तैयार घरों की जानकारी एकत्रित की जा रही है।

अन्य समाचार