मुख्यपृष्ठसमाचारकेंद्र सरकार से प्रियंका गांधी का सीधा सवाल

केंद्र सरकार से प्रियंका गांधी का सीधा सवाल

-किसानों को कुचलने वाले के घर पर क्यों नहीं चला बुलडोजर?

सामना संवाददाता / लखनऊ

कांग्रेस की `भारत जोड़ो न्याय’ यात्रा का दूसरा चरण मुरादाबाद से कल शनिवार को फिर से शुरू हुआ। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी खुली जीप में सवार होकर निकले। कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं पर फूल बरसाकर स्वागत किया। इस दौरान सपा कार्यकर्ता भी राहुल गांधी के साथ नजर आए। प्रियंका गांधी ने इस दौरान भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। प्रियंका ने कहा कि बार-बार केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार आ रही है, आपकी बेरोजगारी बढ़ रही है। दो साल पहले किसान आंदोलन कर रहे थे, आज भी किसान आंदोलन कर रहे हैं। तब भी उनकी सुनवाई नहीं थी आज भी नहीं है। प्रियंका ने केंद्र सरकार से तीखे सवाल किए। उन्होंने कहा कि जब-जब भाजपा का बुलडोजर चलता है तो किसके घरों पर चलता है? जिसने ६ किसानों को अपनी जीप के नीचे कुचला क्या उसके घर पर बुलडोजर चला? जिसने महिलाओं के साथ अत्याचार किया उसके घर पर बुलडोजर चला? बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर उन्होंने कहा कि जब तक आपको रोजगार नहीं मिलेगा, सुविधाएं नहीं मिलेंगी, विकास नहीं होगा।

ध्यान भटकाने की साजिश हो रही है -राहुल गांधी
इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि हमें मोहब्बत से देश को जीतना है। उन्होंने कहा कि हर कोशिश ध्यान भटकाने की हो रही है। राहुल गांधी ने कहा कि देश का ध्यान भटकाने की साजिश हो रही है। उन्होंने कहा कि बहुसंख्यक की भागीदारी देश में सबसे कम है। हर बड़ी कंपनी में ओबीसी की संख्या कम है। साथ ही साथ उन्होंने कहा कि देश सबका, भागीदारी भी सबकी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नफरत को नफरत से नहीं मिटाया जा सकता। राहुल गांधी ने कहा कि यही है भाजपा का सिस्टम, एक आदमी बॉलीवुड, सर्जिकल स्ट्राइक की बात करके आपका ध्यान भटकाएगा।

कांग्रेस को आर्थिक रूप से अपंग बनाने की कोशिश
खाताबंदी पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस को आर्थिक रूप से अपंग बनाने की कोशिश की जा रही है और पार्टी के खिलाफ प्रतिशोध की राजनीति हो रही है। इस संबंध में कांग्रेस ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखा है। जयराम रमेश का कहना है कि ये नोटबंदी के आगे की प्रक्रिया है, जो कि खाताबंदी है। उन्होंने हफ्तावसूली का आरोप लगाया है। जयराम रमेश ने कहा कि निजी कंपनियों के खिलाफ सीबीआई, ईडी और इनकम टैक्स का दुरुपयोग किया जा रहा है, ताकि उनसे चंदा लिया जा सके।
`न्याय’ यात्रा के बाद `राम’ यात्रा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी इन दिनों यूपी में `भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकाल रहे हैं। जल्द ही उनकी यह यात्रा मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। इसे लेकर पार्टी नेता और कार्यकर्ता जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हुए हैं। इसके अलावा पार्टी लोकसभा चुनाव की भी तैयारियों में जुटी है। इसी बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुखिया जीतू पटवारी ने बड़ा एलान करते हुए कहा है कि न्याय यात्रा के बाद राज्य में `राम यात्रा’ निकाली जाएगी।

अन्य समाचार