योगेंद्र सिंह ठाकुर / पालघर
ट्रैफिक पुलिस की वसूली से आहत भाजपा के जिला संगठन महामंत्री संतोष जनाठे के एक ट्वीट से हड़कंप मच गया है। जनाठे ने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को ट्वीट कर दावा किया कि ट्रैफिक पुलिस जिले भर के सभी नाकों पर वसूली कर रही हैैं और उन्हें ट्रैफिक पुलिस के इस कारनामों के सपने आ रहे हैं।
जनाठे का कहना है कि जिले की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अब तक कई प्रयास किए जा चुके हैैं। लेकिन एक लंबे अर्से से बेपटरी पर चल रही व्यवस्था सुधरने का नाम नही ले रही है। चौैंकाने वाली बात यह है कि सफेद वर्दीधारी वसूली अभियान में मदमस्त हैं।
जनाठे के ट्वीट ने शिंदे फडणवीस सरकार के भ्रष्टाचार खिलाफ उठाए जाने वाले कदमों के दावों की पोल खोल कर रख दी है। जनाठे के ट्वीट को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोगों का कहना है कि भाजपा नेता की पीड़ा बताने के लिए काफी है कि आम लोगों के क्या हाल है? संतोष जनाठे ने कहा की जिले भर में सभी प्रमुख नाकों पर ट्रैफिक पुलिस जमकर लोगों से वसूली कर रही है। भ्रष्टाचार में लिप्त पुलिसकर्मियों पर कार्रवाही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक तरफ जनसंवाद अभियान चलाकर जनता और पुलिस के बीच दूरियां कम करने के प्रयास किए जा रहे हैैं। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस के भ्रष्टाचार में लिप्त पुलिसकर्मी जनता और पुलिस के बीच खाई खोदने के काम में लगे हैं।
चालान की आड़ में कई बार ट्रैफिक कर्मियों पर अवैध वसूली के आरोप लगते रहे हैं। यही कारण है कि सामान्य व्यक्ति नियमों का पालन करने की ओर ज्यादा ध्यान नहीं देते।
लोगों की उम्मीदों पर फिरा पानी
जिले में नए ट्रैफिक विभाग की स्थापना के बाद लोगों को विश्वास था कि उन्हें ट्रैफिक के जंजाल में फंसने से मुक्ति मिलेगी। और व्यवस्था में परिवर्तन होगा लेकिन हुआ ठीक इसके विपरीत। जिससे एक बार पुनः आम जनता की उम्मीदों पर पानी फिरता दिख रहा है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन दिनों ट्रैफिक पुलिस ने वसूली के अपने कई ठिकाने बना लिए है। जहां यातायात नियम तोड़ने वालों ट्रक, ट्रेलरों, बाइक चालकों से नजराना लेने की परंपरा चल रही है। कथित तौर पर आरोप है कि नियम तोड़ुू बाइक सवारों और कार चालकों आदि को जुर्माने का भय दिखाकर उनसे पैसे लेकर छोड़ दिया जाता है। जिससे यातायात नियम तोड़ने वालों का हौसला बढ़ रहा है। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। जिले की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था के लिए आए दिन सुर्खियों में बने रहने वाली यातायात पुलिस कब अपने कर्तव्य मार्ग पर वापस आएगी? बात चाहे सड़क किनारे इधर-उधर खड़े वाहनों की हो अथवा ट्रैफिक जाम की, लोगों को राहत मिलती नही दिख रही है। इसका खामियाजा आम जनता और मुसाफिरों को झेलना पड़ता है।