मुख्यपृष्ठनए समाचारनोएडा नैनीताल बैंक के साइबर अटैक मामले का मास्टर माइंड भाजपा नेता...

नोएडा नैनीताल बैंक के साइबर अटैक मामले का मास्टर माइंड भाजपा नेता गिरफ्तारी!

 

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

नोएडा स्थित नैनीताल बैंक में 16 करोड़ 95 लाख रुपए का साइबर अटैक मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के दादरी नगर अध्यक्ष हर्ष बंसल को दबोचा है। गिरफ्तारी के बाद जेल में भी उस कड़ी निगरानी रखी जा रही है। लेकिन इस घटना के बाद ग्रेटर नोएडा के विभिन्न दलों के नेताओं के होश उड़ गए। खासतौर पर भाजपा नेता हैरान हैं। पुलिस ने हर्ष बंसल के साथ उसके गाजियाबाद स्थित दफ्तर को सील कर दिया है। अब पुलिस उसके भाई सीए शुभम बंसल की तलाश में जुटी है। पुलिस ने बताया कि हर्ष बंसल और उसके भाई शुभम बंसल ने मिलकर 30 करोड़ रुपए से अधिक की वित्तीय ट्रांजेक्शन की थी। यह गिरोह कालेधन को सफेद करने के साथ-साथ बैंकों से धोखाधड़ी करने में भी शामिल था। उन्होंने कई फर्जी कंपनियां बना रखी थीं और नैनीताल बैंक के आरटीजीएस (रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट) चैनल को हैक कर जून में 16 करोड़ 95 लाख रुपए की जालसाजी की। बैंक ने इस मामले में जुलाई में केस दर्ज कराया था। मामले की जांच नोएडा साइबर क्राइम पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि यह ठगी कालेधन को सफेद करने वाले एक बड़े गिरोह द्वारा की गई थी। जिसमें सीए और राजनीतिक नेताओं का गठजोड़ शामिल था। इस मामले में पहली गिरफ्तारी भाजयुमो के दादरी नगर अध्यक्ष हर्ष बंसल की हुई है। जिसे पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण 2023 में निकाय चुनाव के दौरान निष्कासित कर दिया गया था। हालांकि, निष्कासन पत्र अब तक जारी नहीं किया गया था।

पुलिस ने बताया कि हर्ष और शुभम बंसल ने अपनी फर्जी फर्म “शुभम एंड एसोसिएट” के नाम से गाजियाबाद की लोहा मंडी में कई ट्रांजेक्शन की हैं। इस फर्म के खातों से 30 करोड़ रुपए से अधिक की ट्रांजेक्शन हुई हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस ने इस फर्म के कार्यालय को भी सील कर दिया है और यहां पर कालेधन को सफेद करने के लिए बनाई गई अन्य फर्जी कंपनियों की जानकारी भी मिल रही है।

पुलिस ने बताया कि हर्ष बंसल और उसके भाई ने नैनीताल बैंक से ठगी कर 99 लाख रुपए निकाले थे। शेष रकम भी अन्य फर्जी खातों के माध्यम से निकाली गई थी। इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीमें लगी हुई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

अन्य समाचार