सामना संवाददाता / मुंबई
स्वाभिमानी रिपब्लिकन पार्टी के 200 से अधिक कार्यकर्ता मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुए। दरअसल स्वाभिमानी रिपब्लिकन पार्टी के अध्यक्ष मनोज संसारे के निधन के बाद पार्टी को काफी क्षति हुई है, इससे कार्यकर्ता काफी हताश हैं। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि संविधान के रास्ते पर चलने वाली कांग्रेस पार्टी के अलावा देश के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
स्वाभिमानी रिपब्लिकन पार्टी के कार्यकर्ताओं को पार्टी में स्वागत करते हुए वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि संविधान को मानने वाली पार्टी कांग्रेस है। लोगों का विश्वास कांग्रेस में है। वर्तमान समय में खरीद फरोख्त और पदों का लालच देकर अन्य दलों के नेताओं को तोड़ा जा रहा है। लेकिन जो लोग साफ सुथरे लोकतांत्रिक राजनीति और देश के संविधान पर भरोसा रखते है, उनकी पसंद कांग्रेस है, वे सभी लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। जनता लोकतांत्रिक मूल्यों और देश के संविधान में भरोसा रखती है। सिद्धांत और सच्चाई पर चलने वाले लोग सोनिया गांधी और राहुल गांधी से प्रभावित है।
देश में पिछले दिनों चलने वाली उनकी पदयात्रा से प्रभावित होकर लोग रोजाना कांग्रेस के साथ जुड़ रहे हैं, लोग नफरत नहीं चाहते, सभी आपसी भाईचारे और सौहार्द्र चाहते हैं, विकास चाहते हैं। वे सभी लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। मैं आज पार्टी से जुड़ने वाले सभी लोगों को विश्वास दिलाना चाहती हूं कि कांग्रेस उनके साथ खड़ी है, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हम मिलकर प्रयास करेंगे। मैं पार्टी के वरिष्ठ सदस्यों के मार्गदर्शन और युवाओं के सहयोग से मुंबई कांग्रेस को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही हूं। उन्होंने कहा कि स्वाभिमानी रिपब्लिकन पार्टी के 200 कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में प्रवेश से हमारी पार्टी का मनोबल बढ़ा है।