नगर पहले स्थान पर, मुंबई दूसरे और नांदेड़ तीसरे स्थान पर
अभिषेक कुमार पाठक / मुंबई
पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में हिट एंड रन की घटनाएं बढ़ रही हैं। वर्ष २०२३ में राज्य में हिट एंड रन के कारण ४,०१० लोगों की मौत हुई। इन घटनाओं और मौतों की संख्या में नगर (४२७) पहले, मुंबई (३८४) दूसरे और नांदेड़ (३२५) तीसरे स्थान पर हैं।
इन घटनाओं में चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने के कारण कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग तेज हो रही है। हाल ही में पुणे में पोर्श कार और मुंबई के वरली में हुई हिट एंड रन की घटनाओं ने नशे में गाड़ी चलाने वाले लापरवाह चालकों के बारे में बहस को फिर से जन्म दिया है, लेकिन इन घटनाओं के कारण निर्दोष नागरिकों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है।
रात के समय शराब पीकर गाड़ी चलाना और फिर गाड़ी को किसी अन्य वाहन से टकरा देना या फुटपाथ पर सो रहे लोगों को कुचलने जैसी घटनाएं बढ़ रही है, इनमें अल्पवयस्कों का भी समावेश है। पिछले तीन वर्षों का आंकड़ा देखा जाए तो हर साल हिट एंड रन की घटनाओं और मौतों में बढ़ोतरी हो रही है। इस स्थिति को देखते हुए परिवहन विभाग को ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने के नियमों को और कड़ा करने की आवश्यकता है। इसके साथ ही रात के समय शराब पीकर तेज रफ्तार में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके लिए रात में गश्त करने वाले ट्रैफिक पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है।
नगर, मुंबई और नांदेड़ में बढ़ती हिट एंड रन की घटनाओं ने राज्य की सुरक्षा और कानूनी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। समय आ गया है कि कड़े कदम उठाए जाएं, ताकि मासूम लोगों की जानें बचाई जा सकें और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
हिट-एंड-रन की घटनाओं के आंकड़े
वर्ष दुर्घटनाएं घायल मौतें
२०२१ ७,९७४ ५,९३३ ३,२१५
२०२२ ८,७६८ ६,५४५ ३,७२३
२०२३ ८,९८७ ७,२६३ ४,०१०
मुंबई में हिट एंड रन की घटनाएं
वर्ष दुर्घटनाएं घायल मौतें
२०२१ १,६९६ १,४०२ २६३
२०२२ १,६१९ १,४४९ २८०
२०२३ १,४२५ १,६८९ ३८४