मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई में ३६ महीनों में आग से जलकर ६५ की मौत! ......

मुंबई में ३६ महीनों में आग से जलकर ६५ की मौत! … ४७३ बुरी तरह झुलसे

-इमारतों में अग्निसुरक्षा की हुई जांच
-२७८ में मिली खामियां

सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई के विभिन्न इलाकों में पिछले ३६ महीनों की कालावधि में आग लगने की कुल १३ हजार घटनाएं हुई हैं। इसमें ६५ लोगों की मौत हुई है, जबकि ४७३ लोग बुरी तरह से झुलसे हैं। आग लगने और उसकी चपेट में आकर हुई इन मौतों के बाद जागी राज्य सरकार ने पिछले साल १,२७० इमारतों में लगे फायर सिस्टम की जांच की। इनमें से २७८ इमारतों में अग्निरोधक व जीवनरक्षा उपायों में खामियां पाई गर्इं।
उल्लेखनीय है कि इस समय मानसून सत्र चल रहा है। इस सत्र में विपक्ष जमकर सत्ता पक्ष पर सवालों की बौछार कर रहा है। इस बीच सदन में सदस्य मौखिक और लिखित सवालों की भरमार कर रहे हैं। इस बीच कल विधानसभा के कई सदस्यों ने मुंबई में आग की घटनाओं में हुई मौत को लेकर कई सवाल लिखित तौर पर पूछे। इसे लेकर मुख्यमंत्री ने लिखित जवाब में कहा है कि मुंबई में तीन सालों में आग की १३ हजार घटनाएं घटित हुई हैं। इन घटनाओं में ६५ लोगों की मौत हुई है, जबकि ४७३ लोग झुलसे हैं। इससे सबक लेते हुए मुंबई में इमारतों में अग्निसुरक्षा की जांच की गई है। जुटाई गई है जानकारी
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लिखित जवाब में कहा है कि जनवरी से दिसंबर २०२३ के बीच मुंबई मनपा ने कुल १,२७० इमारतों में लगे फायर सिस्टम की जांच की है, जिसमें से २८७ के फायर सिस्टम में खामियां पाई। इन खामियों को तत्काल दूर करने के लिए संबंधित इमारतों को नोटिस जारी किया गया, इसके बाद सभी ने नोटिस को गंभीरता से लिया और खामियों को दूर कर दिया।

अन्य समाचार