मुख्यपृष्ठनए समाचारकोस्टल रोड परियोजना को अटकाने वाले ठेकेदारों पर ३५ करोड़ का जुर्माना!...

कोस्टल रोड परियोजना को अटकाने वाले ठेकेदारों पर ३५ करोड़ का जुर्माना! … आरटीआई में हुआ खुलासा

सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई महापालिका की महत्वाकांक्षी मुंबई कोस्टल रोड परियोजना के पूरा होने की समय सीमा लगातार आगे बढ़ रही है और प्रशासन ने अभी तक नई समय सीमा की घोषणा नहीं की है कि परियोजना का पूरा काम कब पूरा होगा। प्रोजेक्ट को रोकने वाले लेटलतीफ ठेकेदारों पर अब तक ३५ करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया जा चुका है। यह मामला आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली को मनपा प्रशासन से मिली जानकारी से सामने आया है।
कोस्टल रोड परियोजना पर काम दिसंबर २०१८ में शुरू किया गया था। काम चार साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन लॉकडाऊन के कारण यह प्रोजेक्ट रुका हुआ था। हालांकि, लॉकडाऊन के बाद भी प्रोजेक्ट का काम अब तक पूरा नहीं हो सका है। परियोजना का ९० प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। लेकिन अभी तक ग्रीन स्पेस, पार्किंग स्थल तैयार नहीं हुआ है। साथ ही यह सड़क अभी भी बांद्रा वर्ली सी लिंक से नहीं जुड़ी है। प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए अब तक दी गई डेडलाइन को टाल दिया गया है। गलगली ने सूचना के अधिकार के तहत मुंबई मनपा से यह जानकारी मांगी थी।
मुंबई तटीय सड़क परियोजना विभाग द्वारा उन्हें दी गई जानकारी के अनुसार, मुंबई तटीय सड़क परियोजना का काम ३ भागों में बांटा गया है। पार्ट १ के तहत प्रियदर्शिनी पार्क से बड़ौदा पैलेस तक का काम मेसर्स लार्सन एंड टुब्रो को दिया गया है और इस काम के लिए उन पर अब तक ११.६३ करोड़ का जुर्माना लगाया गया है। पहले भाग १ के पूरा होने की मूल तिथि १२ अक्टूबर २०२२ थी। इस कार्य को तीन बार ९ जून २०२३, १० सितम्बर २०२३ और २२ मई २०२५ तक बढ़ाया गया है। मेसर्स एचसीसी-एचडीसी को पार्ट २ के तहत बड़ौदा पैलेस से बांद्रा वर्ली सागरी सेतु के दक्षिणी छोर तक का काम दिया गया है और इस काम के लिए १६.१३ करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया गया है। भाग २ के पूरा होने की मूल तिथि १५ अक्टूबर, २०२२ थी। इस काम के लिए तीन बार यानी ६ अक्टूबर, २०२३, ७ अक्टूबर, २०२३ और २५ अक्टूबर, २०२४ को विस्तार दिया गया है।
पार्ट ३ के तहत प्रिंसेस स्ट्रीट से प्रियदर्शिनी पार्क तक का काम मेसर्स लार्सन एंड टुब्रो को दिया गया है और इस काम में अब तक ७.२५ करोड़ का जुर्माना लगाया जा चुका है। भाग ३ के पूरा होने की मूल तिथि १२ अक्टूबर २०२२ थी। इस कार्य को तीन बार २५ मई, २०२३, २६ नवंबर, २०२३ और २ अप्रैल, २०२४ को बढ़ाया गया है।

 

अन्य समाचार