-13 मामले दर्ज, लाखों का सामान बरामद
अशोक तिवारी / मुंबई
मुंबई में गणराया के विसर्जन जुलूसों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े थे। इस बीच इन जुलूसों के दौरान चोरी की कुछ घटनाएं भी हुईं। लालबाग के राजा और अन्य गणपति मंडलों के विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों के मोबाइल और अन्य कीमती सामान चोरी हो गए। मुंबई की कालाचौकी पुलिस ने भक्तों से मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान चोरी करने के आरोप में 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कुल गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने बताया कि यह महिला और छह अन्य आरोपी विसर्जन जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं का कीमती सामान चुराने के लिए विशेष रूप से अमदाबाद से मुंबई आए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कालाचौकी पुलिस स्टेशन में मोबाइल, सोने के गहने, पर्स और अन्य कीमती सामान की चोरी के कुल 13 मामले दर्ज किए गए हैं। जुलूसों के दौरान पुलिस ने कीमती सामान चुराने वालों को पकड़ने के लिए विशेष गुप्त टीमों को तैनात किया गया था और कुल 16 आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया है। यह जानकारी कला चौकी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रमोद भोवटे ने दी। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 3.69 लाख रुपए के आठ मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान भी जब्त करने में सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रमोद भोवटे ने कहा कि 16 आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कालाचौकी थाने में 40 से 45 फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज करायी गयी है। इसी तरह से दक्षिण मुंबई में भी गिरगांव चौपाटी से लापता हुए 23 बच्चों को पुलिस ने उनके परिजनों को सौंप दिया है।
कालाचौकी पुलिस स्टेशन के बाद, दक्षिण मुंबई के पुलिस स्टेशनों ने भी गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान 11 फोन की चोरी के मामले दर्ज किए हैं। डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा कि इन मामलों के अलावा 15 से 20 अन्य लोगों ने भी अपने फोन खो जाने की शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन इन मामलों में कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। लेकिन हम उनके फोन का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। इन मामलों के अलावा गिरगांव चौपाटी पर पुलिस से अनुमति लिए बिना ड्रोन उड़ाने के आरोप में 26 वर्षीय युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।