सिंधुदूर्ग जिले के सावंतवाड़ी की कराड़ी पहाड़ी के घने जंगल में एक अमेरिकन महिला को पेड़ से लोहे की जंजीर से बंधी हालत में बरामद किया गया है। उसने तमिलनाडु के एक व्यक्ति से शादी की थी, जिसने उसे इंजेक्शन देकर बेहोश करने के बाद जंगल में इस हालत में छोड़ दिया था। ये महिला ७ दिनों तक भूखी-प्यासी पड़ी रही। इस विदेशी महिला के बारे में सावंतवाड़ी पुलिस स्टेशन की टीम गहन छानबीन कर रही है।
पुलिस ने इसकी जानकारी भारत में अमेरिकी दूतावास को दी है। सिंधुदूर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक शौरभ अग्रवाल ने बताया कि सावंतवाड़ी पुलिस स्टेशन की टीम ने कराड़ी के घने जंगल में पेड़ से लोहे की जंजीर से बंधी अमेरिकी महिला को छुड़ाकर जिला अस्पताल में भर्ती करवाया था। विदेशी महिला की मानसिक स्थिति के साथ ही उसका शरीर बहुत ही कमजोर हो गया है इसलिए उसे आज सुबह ओरोस जिला अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। मानसिक हालत ठीक न होने से वह ठीक से बोल नहीं पा रही है। इस मामले की गहन छानबीन की जा रही है। पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंची है।