मुख्यपृष्ठनए समाचारपुराने विवाद में युवक की नृशंस हत्या... दुनिया में आने से पहले...

पुराने विवाद में युवक की नृशंस हत्या… दुनिया में आने से पहले ही उठा सिर से पिता का साया!

– गर्भवती पत्नी ने शव लेने से किया इनकार

– दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

सामना संवाददाता / उल्हासनगर

उल्हासनगर शहर से एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां अजन्मे शिशु के सिर से पिता का साया उठ गया। उल्हासनगर के कैंप एक में पुराने विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मृतक का नाम साजिद शेख बताया गया है। इस संबंध में उल्हासनगर पुलिस स्टेशन ने मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस घटना के आरोपी और साजिद शेख के बीच पहले से कुछ विवाद था। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले इसी विवाद को सुलझाने के लिए दोनों के बीच मुलाकात हुई थी। इस मुलाकात में विवाद सुलझने के बजाय और बढ़ गया। शनिवार की मध्य रात्रि करीब २:३० बजे आरोपियों ने साजिद के दोस्त को रास्ते में रोक लिया। उसे साजिद को बुलाने की धमकी दी। उस समय साजिद शेख अपने दोस्त की मदद के लिए दौड़ा। लेकिन उसी दौरान दस-पंद्रह लोगों ने मिलकर साजिद पर हमला कर दिया। धारदार हथियारों से किए गए हमले में साजिद शेख गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलावस्था में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस घटना के बाद उल्हासनगर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बाकी आरोपी अभी भी फरार हैं।
कसम खाई थी पत्नी
इससे नाराज साजिद की गर्भवती पत्नी ने अस्पताल में शव लेने से साफ इनकार कर दिया। साजिद की पत्नी ने कसम खाई थी कि जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हो जाते, वह साजिद का शव नहीं उठाएगी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। क्षेत्र में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अन्य आरोपियों की तलाश के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है। पुलिस ने बताया है कि पुलिस उपायुक्त सचिन गोरे के नेतृत्व में जांच चल रही है।
अंबरनाथ में मजदूर के घर गोलीबारी
इसी प्रकार एक अन्य घटना में अंबरनाथ में एक मजदूर के घर पर गोलीबारी की घटना घटी है। बदलापुर में एक गिरोह द्वारा एक व्यक्ति पर गोली चलाने की घटना ने बदलापुर और अंबरनाथ दहशत का माहौल है। बता दें कि इससे पहले उल्हासनगर शहर में ही छेड़छाड़ के एक मामले के आरोपियों ने पीड़ित लड़की के घर के सामने जुलूस निकाला था और कानून-व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी की थी।

अन्य समाचार