-सबसे बड़े भ्रष्टाचारी हैं गावित…पूर्व मंत्री ने खोले राज
सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य में भ्रष्टाचार को लेकर एक बार फिर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। नंदुरबार जिले में भाजपा के पूर्व मंत्री ने कांग्रेस और शिंदे गुट के नेता को सबसे बड़ा चोर बताया हैं। जिस पर कांग्रेस नेता भड़क गए हैं। कांग्रेस के पूर्व मंत्री ने भाजपा पर हमला बोला है। पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता के. सी. पाडवी ने डॉ. विजयकुमार गावित पर सीधे भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाकर उन पर तीखा प्रहार किया है। डॉ. गावित ‘सबसे भ्रष्ट आदमी’ हैं।
पाडवी ने आगे कहा कि नासिक में एक गांव की आबादी २०० थी, लेकिन उन्होंने ८०० मंगलसूत्र बांटे। इसकी जानकारी सभी को है। यह आदमी भ्रष्टाचार किए बिना जी ही नहीं सकता। भ्रष्टाचार करने की उनकी जो पद्धति है, नंदुरबार जिला परिषद पर सत्ता रहते समय ‘तीन खिड़की योजना’ का नाम पड़ा। अभी भी वे जिला परिषद पर दोबारा सत्ता पाने के लिए भाषण देते घूम रहे हैं। कांग्रेस और शिवसेना को चोर कह रहे हैं, लेकिन असल में वह खुद कितने बड़े चोर हैं यह जनता जानती है।
दरअसल पडवी उस समय भड़क गए जब गावित ने कहा कि अगर कोई भी कांग्रेस या शिंदे गुट का कार्यकर्ता आपको परेशान करे तो उन्हें मेरा नाम बताइए। मैं आपके साथ हूं, इसलिए किसी को डरने की ज़रूरत नहीं है। के. सी. पाडवी ने कहा कि सिर्फ विरोधियों को ही नहीं बल्कि अपनी सहयोगी शिंदे गुट को भी उन्होंने चोर कहा है। निश्चित तौर पर विधायक, पूर्व मंत्री भी रहे हैं। वह कितनी बार मंत्री रहे, कितने साल सत्ता में रहे, यह पूरी जनता जानती है। उन्होंने २००४ से २००९ के दौरान आदिवासी विभाग में जो भ्रष्टाचार किया, उसमें आज भी हर आश्रमशाला में सामान सड़ा पड़ा है। डॉक्टर गावित पर गायकवाड समिति नियुक्त की गई है। उनका केस हाई कोर्ट में चल रहा है। उन पर छह हजार करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया है। जांच कब होगी पता नहीं।
