मुख्यपृष्ठनए समाचारमोबाइल टावर पर चढ़ा राजगीर! ...प्रधानमंत्री आवास योजना के अधिकारियों ने मांगे...

मोबाइल टावर पर चढ़ा राजगीर! …प्रधानमंत्री आवास योजना के अधिकारियों ने मांगे किस्त के लिए घूस

उमेश गुप्ता / वाराणसी
सारनाथ थाना क्षेत्र के हिरामनपुर गांव में शराब के नशे में धुत एक राजगीर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इससे हड़कंप मच गया। राजगीर का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त जारी करने के लिए उससे पैसे मांगे गए। मामले की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर काफी संख्या में लोग जुट गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने दमकलकर्मियों को बुलाया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद राजगीर को नीचे उतारा। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

सारनाथ क्षेत्र के हिरामनपुर गांव निवासी राजगीर सुभाष प्रजापति की बेटी शिखा ने बताया कि उसके पिता के नाम से आवास स्वीकृत है। पहली किस्त के तौर पर ५० हजार रुपए मिल गए तो पुराना मकान गिरा दिया गया। आगे की किस्त जारी करने के लिए फोटो द्वारा प्रमाणित करने वाले १० हजार रुपए की मांग विभाग से की जा रही थी।

सुविधा शुल्क की मांग किए जाने से भड़का राजगीर शराब पीकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसका कहना था कि सरकार गरीब पात्रों को मुफ्त आवास दे रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर इसके लिए पैसे की मांग की जा रही है। हम ऐसे लोगों को पैसा क्यों दें। काफी मशक्कत के बाद पुलिस और दमकलकर्मियों ने सुभाष को टावर से नीचे उतारा।

अन्य समाचार