- येऊर के सात अवैध निर्माणोें पर चलेगा बुलडोजर
पंकज तिवारी / ठाणे
ठाणे शहर से जुड़े येऊर के जंगल में सात अवैध बंगलों के निर्माण का खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि यह बड़ा स्कैम मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के किसी समर्थक ने किया है। येऊर में उक्त अवैध निर्माणों को लेकर राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण गंभीर हो चुका है। ४ सप्ताह के भीतर रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया गया है, वहीं बताया जा रहा है कि इन अवैध ७ बंगलों पर कभी भी बुलडोजर चल सकता है।
बता दें कि येऊर पहाड़ी क्षेत्र संजय गांधी राष्ट्रीय अभयारण्य का हिस्सा है। इस क्षेत्र में ३ अक्टूबर, २०१८ से शासकीय राजपत्र के अनुसार, निर्माण कार्य करने पर पाबंदी है। इसके बावजूद शिंदे गुट के समर्थक व मनपा के पूर्व शिक्षण मंडल सभापति सुरेश गड़ा ने मनपा शहर विकास विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से उच्च न्यायालय के आदेश का अवमूल्यन कर इस स्थान पर सात अवैध बंगले बना डाले। इसके विरोध में जागरूक नागरिक योगेश मूंदड़ा ने राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण के पास याचिका दायर की थी। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण की पश्चिम खंडपीठ ने बंगलों का निर्माण करनेवाली सुपर ड्रीम इस्टेट प्राइवेट लि. कंपनी सहित राज्य सरकार और ठाणे महानगरपालिका को चार सप्ताह के भीतर जवाब देने का आदेश दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, सामाजिक कार्यकर्ता योगेश मूंदड़ा ने मनपा के पूर्व शिक्षण मंडल अध्यक्ष सुरेश गड़ा द्वारा बनाए गए सात अवैध बंगलों के खिलाफ राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण में याचिका दायर की थी। इस याचिका पर न्यायमूर्ति दिनेश कुमार सिंह और न्यायपालिका के सदस्य डॉ. विजय कुलकर्णी की खंडपीठ के समक्ष ५ अप्रैल को सुनवाई हुई। उस समय याचिका पर बहस के बाद पीठ ने सुपर ड्रीम इस्टेट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के साथ राज्य सरकार और मनपा को अगले चार सप्ताह में निर्माण के संबंध में अपनी टिप्पणी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।