मुख्यपृष्ठअपराधअंतर्वेग : अवतार और अक्ल के अंधे लोग!

अंतर्वेग : अवतार और अक्ल के अंधे लोग!

जितेंद्र मल्लाह

अवतार और अक्ल के अंधे लोग!
हिंदुस्थान का चंद्रयान -३ चंद्रमा की कक्षा में सफलतापूर्वक दाखिल हो चुका है। हिंदुस्थान के इस महत्वाकांक्षी मिशन पर पूरी दुनिया की नजर है। उम्मीद है कि चंद्रयान-३ चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग में सफल होगा। अंतरिक्ष में हिंदुस्थान के इस बड़े प्रयास के जारी रहने के दौरान ही राजस्थान से सामने आई अंधविश्वास से जुड़ी एक खबर ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। जिस चंद्रमा पर हिंदुस्थान का चंद्रयान उतरने की तैयारी में है, उसी चंद्रमा को सिर पर धारण करनेवाले (मान्यताओं के अनुसार) भगवान शिव का खुद को अवतार कह रहे एक शराबी ने एक ८५ वर्षीया वृद्धा को सरेराह पीट-पीटकर मार डाला। उक्त शख्स ने दावा किया कि वह महिला को मार कर फिर से जिंदा कर देगा। बस इसी चमत्कार को अंधविश्वासी लोग कैमरे में कैद करने का प्रयास करते रहे और भगवान शिव के कथित अवतार द्वारा नृशंसतापूर्वक पीटे जाने से बेगुनाह वृद्धा के प्राण पखेरू उड़ गए। भगवान शिव के प्रिय श्रावण के पवित्र महीने में राजस्थान के उदयपुर में तरपाल गांव स्थित महादेव मंदिर के पास घटी यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। इस मामले में सायरा थाने की पुलिस ने ७० वर्षीय मुख्य आरोपी प्रताप सिंह सहित ३ लोगों को गिरफ्तार किया है।

मुझे मेरी बीवी से बचाओ!
पति-पत्नी के बीच कभी-कभी होनेवाली तकरार आम बात मानी जाती है। लेकिन जब ये तकरार रोज की बात बन जाती है और रार कहीं भी छिड़ने लगे तो समझो मामला गड़बड़ ही है। वक्त बे-वक्त लड़नेवाले ऐसे ही एक दंपति इन दिनों चर्चा का विषय बन गए हैं। वजह है आसमान में उड़ते उड़नखटोले यानी विमान में दोनों के बीच हुआ झगड़ा। उक्त दंपति के झगड़े का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि फ्लाइट में सफर कर रहे एक दंपति के बीच किसी बात पर पहले बहस होती है। बाद में बहस बढ़ जाती है और इस दौरान गुस्साई पत्नी, पति को थप्पड़ मारने का प्रयास करती है, इससे घबराकर पति तुरंत एयरहोस्टेस से मदद की गुहार लगाता है और कहता है कि `मुझे बचा लो प्लीज। मेरी बीवी क्लेश कर रही है।’ अचानक हुए इस हंगामे से फ्लाइट में बैठे दूसरे यात्री पहले चौंक जाते हैं फिर हंसने लगते हैं। पति द्वारा चिल्लाकर एयरहोस्टेस से मदद मांगे जाने के बाद बीवी भी अपने हाथों से अपना मुंह छिपा लेती है। हालांकि, पति की इस हरकत से नाराज होकर वह फिर थप्पड़ मारने के लिए हाथ बढ़ाती है। जब दोनों में नोकझोंक हो रही थी, तब फ्लाइट में बैठे एक शख्स ने इसका वीडियो बना लिया। कुछ यूजर्स ने फ्लाइट में इस तरह की हरकत करने के लिए कपल को लताड़ भी लगाई। कई यूजर्स ने इस वीडियो को प्री-प्लांड बताया। एक यूजर ने कहा, `ये घटियापन है।’ जबकि दूसरे यूजर ने कहा, `महिला अपने पति को मारे जा रही है। ये बिल्कुल भी फनी नहीं है।’ एक अन्य यूजर ने कहा, `इतनी पब्लिक के बीच मुंह छुपाना कितना मुश्किल हो सकता है।’

अन्य समाचार