सामना संवाददाता / मुंबई
धारावी पुनर्विकास परियोजना के साथ ही मुंबई के खाली भूखंड़ों को ‘घाती’ सरकार द्वारा उद्योगपति अडानी को कौड़ियों की कीमत में दिया जा रहा है। यह मुद्दा कल विधान मंडल में गूंजा। उस पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता व युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे आक्रामक हो गए। उन्होंने हमला करते हुए कहा कि मुंबई के टुकड़े नहीं कर पा रहे हैं, क्या इसलिए इसे अडानी की झोली में डाल रहे हैं। इस तरह का जोरदार हमला उन्होंने ‘घाती’ सरकार पर किया।
विधान भवन परिसर में आदित्य ठाकरे ने मीडिया से संवाद साधते हुए ‘घाती’ सरकार के भ्रष्ट कामकाज पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विरोधी पक्ष इस मुद्दे पर लगातार आवाज उठा रही है। मुंबई अडानी की झोली में डालने की कोशिश चल रही हैं। आदित्य ठाकरे ने कहा कि धारावी का पुनर्वसन हो, लोगों को अच्छा घर मिले, ऐसा हमें लगता है, लेकिन भाजपा और घातियों के मालिक इस जमीन को ही नहीं, बल्कि मुंबई में अन्य भूखंड़ों को भी अडानी की झोली में डालने की कोशिश कर रहे हैं। वे मालिक के सामने हाथ जोड़कर दंडवत हो रहे हैं।
आदित्य ठाकरे ने तंज कसते हुए कहा कि अच्छा काम करनेवाले किसी भी उद्योगपति का हम विरोध नहीं कर रहे हैं, लेकिन आज ईस्ट इंडिया कंपनी से भी अधिक भयानक कंपनी का काम मुंबई और महाराष्ट्र में शुरू है। उन्होंने कहा कि मुंबई में इस समय चार से पांच टाऊन प्लानिंग ऑथॉरिटी हैं। मुंबई मनपा को ही टाऊन प्लानिंग ऑथॉरिटी करने का सपना मविआ का है। आदित्य ठाकरे ने हमला बोलते हुए कहा कि धारावी में कोई अनुमति लेनी हो अथवा प्रस्तावित योजना हो तो टाऊन प्लानिंग अथॉरिटी, डीआरपी, मुंबई मनपा अथवा एमएमआरडीए को १५ दिनों में अडानी समूह को जवाब देना पड़ता है, अन्यथा अडानी जैसे कहेंगे, वैसा करना पड़ता है। इस तरह का ‘घातियों’ का कानून है।
आदित्य ठाकरे ने पूछे सवाल
मुंबई समेत देश में कई पुनर्विकास परियोजनाएं शुरू हैं, लेकिन किसी को भी इस तरह की सहूलियत नहीं मिली है। नया कानून राज्य और देश में किसलिए लाया गया है? क्या वास्तव में आप पुनर्विकास कर रहे हैं? क्या चांद पर काम कर हैं? इस तरह के सवाल भी आदित्य ठाकरे ने किए। खार लैंड, डंपिंग ग्राउंड, ऑक्ट्राय नाका, कुर्ला में मदर डेअरी का प्लॉट और मुलुंड में मौजूद प्लॉट कितने दिनों में अडानी समूह को देंगे।
खाली मैदान में बन रही नई इमारत
धारावीकरों को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने की कोशिश सरकार कर रही है। उस पर भी आदित्य ठाकरे ने तंज कसते हुए कहा कि वरली बीडीडी में खाली मैदान में नई इमारत बनाई जा रही है। इसके बाद पुरानी इमारत को गिराकर वहां खाली मैदान बनाया जा रहा है। धारावी में ऐसा करना संभव है। वहीं पर ट्रांजिट वैंâप बनाया जा सकता है।