दमकल की भर्ती में जमकर चलाया डंडा
सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य में कई पढ़े-लिखे युवा- युवती बेरोजगार हैं। वे रोजगार की तलाश में दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। अब तो आलम यह है कि सरकार भी इन बेरोजगारों पर अत्याचार कर रही है। शनिवार सुबह मुंबई महानगर पालिका की दमकल विभाग में भर्ती प्रक्रिया के दौरान रोजगार मांगने आए बेरोजगारों पर ‘ईडी’ सरकार ने जमकर लाठियां भांजीं। इसके बाद उसी मैदान में जोरदार आंदोलन शुरू हो गया। इस हंगामे को शांत कराने के लिए मुंबई पुलिस को भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
मुंबई मनपा के फायर बिग्रेड में महिला अधिकारी की भर्ती प्रक्रिया इन दिनों दहिसर-पश्चिम स्वर्गीय गोपीनाथ मुंडे मैदान में चल रही है। इसमें भर्ती होने के लिए दूर-दराज से आर्इं लड़कियां रात से ही इकट्ठा होकर उसी जगह भर्ती की तैयारी कर रही थीं, लेकिन सुबह उन्हें गेट के अंदर घुसने ही नहीं दिया गया, जिसके बाद अभ्यर्थियों ने मनपा के खिलाफ नारे लगाने शुरू कर दिए। नारेबाजी के दौरान पुलिस और लड़कियों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
पैरों और घुटनों पर लाठियां चलाईं
लड़कियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके हाथ-पैर और घुटनों पर लाठियां चलार्इं। इस लाठी चार्ज में कुछ लड़कियों ने सिर पर चोट आने की भी शिकायत कीं। उनका कहना था कि वे किसानों की बेटियां हैं। उनकी हाइट शर्तों को पूरी करती हैं, फिर भी मनमानी तरीके से उन्हें रिजेक्ट किया जा रहा है। प्रशासन किसानों की बेटियों के साथ अन्याय कर रहा है। उनका कहना है कि यह भर्ती प्रक्रिया तुरंत बंद की जाए और फिर से सारी प्रक्रिया शुरू की जाए या हाइट फिर से चेक करवाया जाए।
दमकल अधिकारी ने दी सफाई
मनपा अग्निशमन दल अधिकारी संजय मांजरेकर ने बताया कि ३,३१८ महिला उम्मीदवारों, जो हाइट मानदंड के अनुसार योग्य थीं, उन्हें आगे की चयन प्रक्रिया के लिए चुना गया। विरोध करनेवाली महिलाएं वे हैं, जो देर से आर्इं। हम उन लोगों को अनुमति नहीं दे सकते जो सुबह १० बजे पहुंचे, जबकि समय सुबह ८ बजे का था।
९१० रिक्तियों के लिए भर्ती प्रक्रिया
मुंबई महानगर पालिका फायर ब्रिगेड में ९१० रिक्तियों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित किया गया है। यह भर्ती प्रक्रिया १३ जनवरी से शुरू हो चुकी है। इस भर्ती में लड़कियों की ऊंचाई तकरीबन १६२ सेंटीमीटर बाध्य की गई है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि १६३ या १६४ सेंटीमीटर कद वाले उम्मीदवारों को भी बाहर बिना वजह निकाल दिया गया, जिसके बाद नाराज अभ्यर्थियों ने सुबह से हंगामा करना शुरू कर दिया।