- क्रिमिनल कोर्ट में आरोप हो चुके तय
- हो सकती है चार साल की सजा
उस रात ट्रंप सोफे पर पसरे हुए थे और पायजामा पहनकर टीवी देख रहे थे। ट्रंप ने स्टोर्मी के साथ शारीरिक संबंध बनाया था। यह घटना ट्रंप के सबसे छोटे बेटे बैरन के जन्म के चार महीने बाद हुई थी।
वैसे तो दुनिया में कई पूर्व शासकों पर मुकदमे चले हैं और उन्हें सजा भी हुई है, पर अमेरिकी इतिहास में पहली बार कोई पूर्व राष्ट्रपति एक आरोपी के रूप में कोर्ट में घसीटा गया है। वह भी एक शर्मनाक मामले में। ट्रंप पर एक पोर्न स्टार से संबंध बनाने के बाद अपना मुंह बंद रखने के लिए उसे पैसे देने का आरोप लगा है। ट्रंप को इस मामले में कोर्ट में सरेंडर करना पड़ा और उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तारी के बाद जमानत तक लेनी पड़ी। ट्रंप ने कोर्ट में खुद को बेकसूर बताया है। न्यूयॉर्क सिटी के मैनहैटन क्रिमिनल कोर्ट हाउस में मंगलवार को ट्रंप के खिलाफ आरोप तय किए गए।
ट्रंप के खिलाफ यह मामला २०१६ में अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनाव प्रचार के दौरान का है। आरोप है कि ट्रंप ने एक संभावित सेक्स स्कैंडल को छुपाने की कोशिश की थी। आरोप है कि उन्होंने स्टॉर्मी डेनियल्स नाम की एक पोर्न फिल्म एक्ट्रेस को चुपके से एक लाख ३० हजार डॉलर दिलवाए थे, ताकि वह अपना मुंह न खोले और २००६ के उनके प्रेम-प्रसंग को छुपाया जा सके। मैनहैटन डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी अल्विन ब्रैग के अनुसार ट्रंप पर आरोप न्यूयॉर्क के चुनाव नियमों के उल्लंघन से जुड़ा है। डॉलर का भुगतान फेडरल कैंपेन कंट्रीब्यूशन की सीमा से ज्यादा है। अगर इस मामले में ट्रंप दोषी करार दिए जाते हैं, तो उन्हें ४ साल तक जेल की सजा भी हो सकती है। स्टॉर्मी को तब ट्रंप के अटॉर्नी रहे माइकल कोहेन ने भुगतान किया था। २०१७ में कोहेन को चेक दिया गया था और इसे कानूनी सेवा लेने के मद में बताया गया था। हालांकि, वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले में जेल की सजा अनिवार्य नहीं है।
ट्रंप का फिंगरप्रिंट लिया
ट्रंप ने मंगलवार को डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी ऑफिस में सरेंडर किया था और वहीं कुछ पल के लिए दिखे थे। इसी दौरान बंद दरवाजे के भीतर उनका फिंगरप्रिंट लिया गया। जब ट्रंप कोर्ट में पहुंचे तो भीड़ के बीच न्यूज कैमरों में नजर आए लेकिन उन्होंने पत्रकारों से बात नहीं की। कोर्ट में ट्रंप बचाव पक्ष की टेबल पर बैठे थे। ट्रंप के बगल में उनके वकील थे। ट्रंप ने कोर्ट में एक बार तभी बोला जब उन्होंने खुद को बेकसूर बताया। जज ने ट्रंप को चेतावनी भी दी कि अगर उन्होंने सुनवाई बाधित करने की कोशिश की तो उन्हें कोर्टरूम से बाहर कर दिया जाएगा। ज्यूरी ने डोनाल्ड ट्रंप पर कुल ३४ आरोप लगाए हैं। सुनवाई के बाद कोर्ट ने ट्रंप पर १.२२ लाख डॉलर का जुर्माना लगाया। उनके वकील टॉड ब्लांच ने कहा, ‘सुनवाई के दौरान ट्रंप जरूर परेशान दिखे। उनका मानना है कि कोर्टरूम में उनके साथ नाइंसाफीr हो रही थी।’ ट्रंप ने कहा कि उन्होंने निडर होकर अपने देश का बचाव किया है और यही उनका गुनाह है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका गर्त में जा रहा है।
डेनियल्स का दावा
डेनियल्स ने दावा किया उस रात ट्रंप सोफे पर पसरे हुए थे और पायजामा पहनकर टीवी देख रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि उस रात ट्रंप ने उनके साथ शारीरिक संबंध बनाया था। यह घटना ट्रंप के सबसे छोटे बेटे बैरन के जन्म के चार महीने बाद हुई थी।
मामले ने अभी क्यों पकड़ा तूल
दरअसल, जनवरी २०१८ में अमेरिकी अखबार ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने एक रिपोर्ट में दावा किया कि राष्ट्रपति ट्रंप के तत्कालीन वकील माइकल कोहेन ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से एक महीने पहले डेनियल्स को भुगतान किया था। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि ये पैसा डेनियल्स को अपना मुंह बंद रखने के लिए दिया गया था। इस चुनाव में ट्रंप को जीत मिली थी।
व्हाइट हाउस ने साधी चुप्पी
व्हाइट हाउस ने ट्रंप के अभियोग और न्यूयॉर्क में गिरफ्तारी के बारे में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। दैनिक ब्रीफिंग में व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव काराइन जीन-पियरे ने कहा कि यह एक चल रहा मामला है और हम कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।
ट्रंप ने जताई थी आशंका
खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आशंका जताई थी कि उन्हें साल २०१६ में पॉर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स को एक लाख तीस हजार डॉलर का भुगतान करने के मामले में गिरफ्तार किया जा सकता है। दरअसल, यह मामला २००६ का है। पॉर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स ने २०११ में ‘इन टच वीकली’ को दिए इंटरव्यू में आरोप लगाया था कि डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें डिनर पर आमंत्रित किया और वह उनसे मिलने के लिए होटल के एक कमरे में पहुंची थीं। यह इंटरव्यू साल २०११ में दिया गया था, लेकिन इसे ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद २०१८ में जारी किया गया था।
पूर्व शासक जिन्हें सजा हुई
१. म्यांमार आंग सन सू ६ साल कैद
२. सूडान बुरकिनाबे उम्रकैद
३. चाड हाबरे उम्रकैद
४. पाकिस्तान भुट्टो फांसी
५. पाकिस्तान मुशर्रफ फांसी
६. मलेशिया नजीब रजाक १२ साल कैद
७. मालदीव मो.नाशीद १३ साल कैद