श्रीकिशोर शाही
दहेज लेना-देना दोनों ही बुरी बात है। मगर यह बीमारी ऐसी फैली हुई है कि चाहकर भी इससे छुटकारा नहीं मिल रहा है। कई बार इस चक्कर में हास्यास्पद स्थिति भी पैदा हा जाती है। अब एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक दूल्हे की बकलोली देखकर आप मुस्कुराए बिना नहीं रहेंगे। एक दूल्हे ने ससुराल वालों से बाइक तो मांग ली लेकिन जब विदाई से पहले बाइक चलाने की बात आई तो दूल्हे की हरकत देखकर आपको तरस आ जाएगा। वीडियो में नजर आता है कि दूल्हे को ससुराल में बाइक मिलती है। इसके बाद सारे मेहमान वहां पर जमा होते हैं और विदाई से ठीक पहले दूल्हा जैसे ही किक मारना शुरू करता है तो उससे बाइक शुरू ही नहीं होती है, ऐसे में वहां मौजूद कई महिलाएं हंसना शुरू कर देती हैं और उस पर फब्तियां कसने लगती हैं। बेचारा दूल्हा सबके सामने खिसिया कर रह जाता है और इसके साथ ही तेजी से बाइक स्टार्ट करना शुरू कर देता है। लाख कोशिश के बावजूद उससे बाइक स्टार्ट नहीं होती। वीडियो के आखिरी में एक लड़का आता है और दूल्हे से कहता है कि इसमें चाभी भी डालनी होती है। इसके बाद किसी तरह बाइक स्टार्ट होती है तो सब लोगों के चेहरे पर खुशी की मुस्कान आ जाती है। अब दूल्हा जैसे ही दुल्हन को बाइक पर बिठाकर आगे बढ़ता है, वैसे ही उसका बैलेंस बिगड़ता है और दुल्हन धड़ाम से नीचे गिर जाती है। इस तरह से बेचारे दूल्हे की कई बार बेइज्जती हो जाती है। ऐसे में तो यही कहा जा सकता है कि ससुराल में अपनी इज्जत अपने हाथ में होती है इसलिए जो भी करें काफी सोच -समझकर करें।
यार मैं कुत्ता बन जाऊं!
इच्छाओं का क्या है। किसी की कुछ भी इच्छा हो सकती है। इच्छाओं के मामले में ये जापानी लोग भी अजीब होते हैं। अब देखिए, एक जापानी के मन में एक अजीब सी इच्छा जाग उठी है। अब उसकी यह इच्छा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। इस जापानी ने लाखों रुपए खर्च कर खुद को कुत्ता बना डाला है। उसकी इस हरकत पर लोग हैरान हो रहे हैं। असल में इस जापानी शख्स ने ठीक कुत्तों जैसा दिखने के लिए करीब १२ लाख रुपए खर्च कर खुद के लिए एक स्पेशल कॉस्ट्यूम बनवाया है। मीडिया रिपोर्ट में इस शख्स को लेकर कहा जा रहा है कि वह अपना पूरा जीवन कुत्ते की तरह बिताना चाहता है। हालांकि, अब टोको नाम के इस शख्स का कहना है कि उसके बारे में गलत जानकारी फैलाई गई है। उसका कहना है कि वह कुत्ते वाली अपनी पोशाक सप्ताह में एक बार पहनता है, वो भी सिर्फ तब जब घर पर रहना होता है। टोको का कहना है कि वह कुत्ते की तरह अपनी पूरी जिंदगी नहीं बिताना चाहता है। उसकी इच्छा थी कि कुत्ते की तरह दिखने की, इस वजह से उसने ऐसा किया। वायरल वीडियो को लेकर जापानी शख्स ने बताया कि इसे पिछले साल जर्मन टीवी स्टेशन आरटीएल के साथ एक साक्षात्कार के दौरान शूट किया गया था। टोको का कहना है कि मेरी वीडियो को इंटरनेट पर इस तरह प्रतिक्रिया मिलेगी, ऐसी उम्मीद नहीं थी।