श्रीकिशोर शाही
बेरहम विद्या दाता
माता-पिता के बाद किसी बालक के जीवन में शिक्षक का महत्व होता है। पर इन दिनों अक्सर शिक्षकों की बकलोली के किस्से सुनने को मिल रहे हैं। अभी हाल ही में धनबाद में एक छात्रा को टीचर ने बिंदी लगाने पर थप्पड़ मार दिया था। अपमान से आहत छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। अब ग्वालियर में भी दो दानव शिक्षकों की करतूत सामने आई है। वहां टीचर्स की पिटाई से ८वीं में पढ़ने वाले छात्र की मौत हो गई। बच्चा होमवर्क पूरा करके नहीं आया, जिस पर टीचर ने उसे डंडे से पीटा था। घटना बहोड़ापुर इलाके में स्थित फोर्ट व्यू स्कूल की है। १२ साल का छात्र कृष्णा चौहान पिटाई के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में लेकर गए। बाद में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया पर उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उसने दम तोड़ दिया। ऐसी घटनाएं इन शिक्षकों के ऊपर गंभीर दाग हैं। छात्र को हल्का-फुल्का डांटना अलग बात है, पर इस तरह की बेरहमी की उम्मीद तो नहीं ही की जा सकती है। प्रशासन को ऐसे शिक्षकों पर कड़ा एक्शन लेना चाहिए।
शादी के दो घंटे बाद तलाक
अब यही बाकी रह गया था। शादी के बाद तलाक होते हैं और खूब होते हैं। पर ऐसी शादी भी क्या जो एक दिन भी न चले। महज दो घंटे भी न चले। मगर इस दुनिया में बकलोलों की कमी नहीं है। ऐसे ही एक दूल्हे ने शादी के सिर्फ दो घंटे बाद ही बकलोली कर डाली। मामला आगरा का है। खबर के अनुसार लड़का पक्ष ने शादी में कार मांगी थी। लेकिन जब कार नहीं मिली तो परिवार वालों के कहने पर लड़के ने निकाह के दो घंटे बाद ही तीन तलाक दे दिया। इस मामले पर लड़की के भाई का कहना है कि बहन की शादी में हैसियत से ज्यादा सोने-चांदी, रुपए व अन्य सामान दहेज के रूप में दिए थे। बाद में लड़के ने कार की मांग रख दी। कार देने की औकात नहीं थी सो परिवार ने मना कर दिया। हैरानी की बात है कि देश में ट्रिपल तलाक के खिलाफ कानून बन चुका है पर ऐसे लालची दूल्हों को मानो इसकी फिक्र ही नहीं है। अब वधु पक्ष ने तलाक के बाद सीधे थाने का रुख किया और दूल्हे के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। अब लोगों का यही कहना है कि जेल के अंदर जाने के बाद शायद इस लालची दूल्हे को अक्ल आए।