मुख्यपृष्ठस्तंभबकलोली : पुलिस लेगी फूहड़ डांसर की क्लास

बकलोली : पुलिस लेगी फूहड़ डांसर की क्लास

श्रीकिशोर शाही

इन दिनों सोशल मीडिया पर मशहूर होने के लिए लोग कुछ भी बकलोली करने से बाज नहीं आते। हद तो तब हो जाती है जब लोग पवित्र धार्मिक स्थलों को भी नहीं बख्शते। हाल ही में सोशल मीडिया पर सिमरन यादव नाम के अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया गया है, जिसमें एक युवती अयोध्या के पवित्र राम की पैड़ी में पानी में उतरकर एक गाने पर फूहड़ डांस करती नजर आ रही है। तेज गीत-संगीत पर वह डांस कर रही है। अब जब यह युवती सिमरन ही है या कोई और यह तो नहीं पता, पर उसकी इस हरकत ने साधु-संतों को नाराज कर दिया है। मामला पुलिस तक पहुंच गया है और पुलिस अब इस डांसर की क्लास लेनेवाली है। खास बात यह है कि यह एक प्रतिबंधित क्षेत्र है और यहां इस तरह के वीडियो नहीं बनाए जा सकते। इसके पहले भी हर की पैड़ी के पास इस तरह की हरकतें हो चुकी हैं। गत मार्च में भी वहां के घाट पर दो लड़कियों ने डांस करते हुए वीडियो बनाया था, जिस पर भी साधु-संत काफी नाराज हुए थे। तब मामले की शिकायत श्रीगंगा सभा ने की थी। उसके पूर्व भी वहां कुछ लड़कियों ने रील्स बनाई थी, जिसकी शिकायत की गई थी। अयोध्या हिंदुओं की आस्था का प्रतीक है और वहां पर ऐसी हरकत करनेवालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने की जुर्रत नहीं कर सके।

इंतजार में दूल्हा, दुल्हन फरार
शादी के पहले सजने-संवरने में कोई बुराई नहीं है, पर ऐसा भी क्या सजना कि दूल्हा बेचारा इंतजार ही करता रह जाए और दुल्हन फरार हो जाए। ये मामला अमरोहा का है जहां शादी के दिन ब्यूटी पार्लर में सजने जा रही दुल्हन रास्ते से ही गायब हो गई। इधर बैंड-बाजे के साथ दूल्हा बारात के साथ दुल्हन के दरवाजे पर पहुंच गया। बेचारा दूल्हा, काफी देर तक दुल्हन के आने का इंतजार करता रहा, पर दुल्हन वापस नहीं लौटी। काफी देर इंतजार के बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। अब दूल्हे के पिता को यह बेइज्जती काफी अखरी सो उन्होंने पुलिस का रुख किया और मामले की शिकायत की। उधर चर्चा है कि दुल्हन ब्यूटी पार्लर से अपने प्रेमी के साथ भाग गई। दूल्हे के पिता की नाराजगी का एक कारण यह भी था कि इस दौरान बारातियों को खाने-पीने के लिए भी नहीं पूछा गया। दूल्हे के पिता ने जब दुल्हन के पिता से जयमाला में हो रही देरी की वजह पूछीr तो उन्होंने बताया कि दुल्हन तैयार होने के लिए ब्यूटी पार्लर गई हुई है। जिस रिश्तेदार के साथ दुल्हन ब्यूटी पार्लर गई थी वो अकेली ही घर लौट आई। जब ब्यूटी पार्लर में संपर्क किया गया तो पता चला कि दुल्हन वहां पहुंची ही नहीं है। दुल्हन के फुर्र होने का पता चलते ही दूल्हे के होश उड़ गए। दूल्हे के पिता ने पुलिस के पास शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की है। अब पुलिस इस मामले में अपना सिर खुजा रही है कि वह कौन-सी शिकायत दर्ज करे!

अन्य समाचार

फेक आलिया