श्रीकिशोर शाही
मोबाइल फोन ने आज हर शख्स की जिंदगी में इतनी ज्यादा घुसपैठ कर ली है कि अगर किसी से उसका फोन छीन लिया जाए तो मानो उसकी जिंदगी वीरान हो जाती है। बिहार के हाजीपुर का एक ऐसा ही दिलचस्प वाक्या सुनने को मिला है। यह कहानी सबा खातून की है, जिसने एलान कर दिया कि ‘शौहर छोड़ दूंगी, मोबाइल नहीं!’ मोहतरमा के इस तेवर के कारण एक बसा बसाया घर शादी के बस दो हफ्तों के भीतर उजड़ गया। निकाह के बाद नई दुल्हन मोबाइल पर बिजी रहती थी, जो शौहर को पसंद नहीं आया। दोनों में जमकर झगड़ा हुआ और मामला थाने तक पहुंच गया। बूढ़ी सास ने बहुत समझाया पर मोबाइल का नशा इस तरह सिर चढ़कर बोला कि दुल्हन ने अपनी आदत छोड़ने के बजाय पति को ही छोड़ दिया। बताया जाता है कि लड़की के घरवालों को बेटी की आदत के बारे में पता था। उन्हें लगा था कि शादी के बाद सब कुछ ठीक हो जाएगा। मगर इस मोबाइल फोन का नशा तो ड्रग्स से भी तेज निकला। एक दिन फोन चलाने से रोकने पर गुस्से से भड़की शबा ने अपने मायके वालों को बुला लिया। दुल्हन का भाई भी कम नहीं था, सीधे जीजा पर बंदूक तान दी। भाई बेचारा गिरफ्तार होकर जेल में बैठा है। ऐसे में यह हैरान करनेवाली बात ही कही जाएगी कि एक मोबाइल फोन ने नई शादी में जहर घोल दिया।
बुलंदशहर में बवाल
पश्चिमी शहर एक प्रसिद्ध शहर है जो अपनी बुलंदी के लिए खासा मशहूर है। इस शहर का नाम है बुलंदशहर। मगर इस बुलंदशहर जिले में हाल ही में एक ऐसी घटना हो गई जिसकी किसी ने कल्पना तक नहीं की है। यहां का एक गांव है बराल, जहां कई मंदिर हैं। इनमें एक शिव मंदिर सवा सौ साल से भी ज्यादा पुराना बताया जाता है। अब कुछ असामाजिक तत्वों ने यहां खूब उत्पात मचाया। बराल गांव में ४ मंदिरों की मूर्तियां खंडित की गर्इं। यूपी में योगी आदित्यनाथ का राज है। वे खुद महंत हैं। योगी हैं। मगर उनके राज में असमाजिक तत्वों के हौसले इतने ज्यादा बुलंद हो चुके हैं कि वे मंदिर की मूर्तियां तोड़ने लगे हैं। यह खबर बाहर आते ही गांव में हंगामा शुरू हो गया। भारी भीड़ जमा हो गई। मौके की नजाकत को देखते हुए गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। बदमाशों ने चार मंदिरों की एक दर्जन मूर्तियों को तोड़ा। हालांकि, प्रशासन अब वहां नई मूर्तियों को लगवा रहा है मगर खेल तो हो गया। यह रहस्य बना हुआ है कि आखिर वह कौन है, जिसने इस तरह की साजिश को अंजाम दिया। अब अगर पश्चिमी यूपी में दंगे होंगे, तो किसको फायदा हो सकता है? अब आप लोग गुणा-गणित लगाते रहिए।