मुख्यपृष्ठनए समाचारबकलोली :  पत्नी और ‘वो’ के बीच कूटाकूटी

बकलोली :  पत्नी और ‘वो’ के बीच कूटाकूटी

श्रीकिशोर शाही

अक्सर हम फिल्मों में प्रेम त्रिकोण की कहानियां देखते और अखबारों में ऐसी घटनाएं पढ़ते हैं। पति-पत्नी के साथ ‘वो’ की यह कहानी कई बार हिंसक मोड़ ले लेती है। ऐसी ही एक घटना लखनऊ में देखने को मिली, जहां बीच सड़क पर पत्नी और ‘वो’ के बीच जोरदार मार-कुटाई का सीन देखने को मिला। वहां मजमा लग गया और लोग मजे में वीडियो बनाने लगे। असल में पत्नी को अपने पति पर शक हो गया था कि ‘वो’ किसी दूसरी औरत के चक्कर में पड़ गया है। वह जब पति से इस बारे में सवाल करती तो वह उसका वहम बताकर उसे टरका देता था। मगर पति के बदलते व्यवहार को देखकर पत्नी का शक पुख्ता होता चला गया। इसके बाद पत्नी अपने पति की जासूसी करने लगी। एक दिन वह पति का पीछा कर रही थी तो वह उस महिला यानी ‘वो’ के साथ प्रेम की पींगे मारता मिला। पत्नी ने जब पति को रंगेहाथ पकड़ा तो आप सोच सकते हैं कि उसके बाद क्या हुआ होगा। पत्नी ने अपने पति को तो वहां कुछ नहीं किया, पर ‘वो’ के साथ भिड़ गई। फिर तो बीच सड़क पर दोनों ने एक-दूसरे को खूब कूटा। इस मार-कुटाई के बाद उस ‘वो’ ने अपनी स्कूटी उठाई और फुर्र हो गई। अब घर जाने के बाद पति के साथ क्या हुआ होगा, यह बताने की जरूरत है क्या?
आदमी के पेट में जुड़वां बच्चे
अभी तक तो हम यही देखते-सुनते आए हैं कि मां ही बच्चे को जन्म देती हैं। पर एक अजीबोगरीब घटना ने दिमाग को चकरा दिया है। एक पुरुष के पेट में दो बच्चे मिले। असल में नागपुर में रहने वाला शख्स संजू भगत पिछले ३६ वर्षों से पेट की बीमारी से जूझ रहा था। उसका फूला हुआ पेट देखकर लोग उसे अजीब नजरों से देखते थे। लेकिन किसी को यकीन नहीं था कि शख्स के पेट में बच्चा है। अचानक एक दिन पेट और भी अधिक फूल गया। शख्स को सांस लेने में परेशानी होने लगी। इसके बाद वह डॉक्टर के पास पहुंचा। डॉक्टर ने भी ट्यूमर समझकर ऑपरेशन किया लेकिन ऑपरेशन के बाद डॉक्टर ने जो देखा, वह बेहद हैरान करने वाला था। ऑपरेशन के दौरान पेट में इंसान जैसी आकृति मिली। जब डॉक्टरों ने पेट में हाथ डाला, तो कई हड्डियां, पैर, बाल, हाथ, जबड़े और शरीर के कई भाग मिले। वहां दो बच्चों के अंग मिले। डॉक्टर यह घटना देखकर हैरान रह गए। डॉक्टरों ने इस घटना को वैनिशिंग ट्विन सिंड्रोम बताया। डॉक्टर ने कहा कि यह घटना बेहद दुर्लभ है और ५० लाख लोगों में से एक के साथ ऐसा होता है।

अन्य समाचार