श्रीकिशोर शाही
अब यह सभी को पता है कि इन दिनों टमाटर फलों से भी महंगे बिक रहे हैं। मगर आप शायद यह नहीं जानते होंगे कि अब इसने मिठाई की जगह भी ले ली है। मसलन कोई खुशी का मौका हो तो मिठाई की बजाय टमाटर बांटो और खिलाओ। अब आपको भले ही यह लगे हम बकलोली कर रहे हैं मगर जनाब है यह बिल्कुल सच। यहां की तस्वीर देखिए, जिसमें रोड पर आते जाते लोगों को टमाटर बांटे जा रहे हैं। इसका वीडियो वायरल हुआ है। यह वीडियो रामपुर का है। वहां के पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता संजय कपूर ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ राहगीरों को रोककर टमाटर बांटे। दरअसल, हाल ही में ‘मोदी सरनेम’ के मानहानि वाले मामले में गुजरात हाई कोर्ट द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ निचली कोर्ट के सजा को बरकरार रखने पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है। सुप्रीम कोर्ट के इस पैâसले पर देशभर में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। अब लोग अपने तरीके से इसे सेलिब्रेट कर रहे हैं। कई जगह लोगों ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर अपनी खुशी व्यक्त की। वहीं कई जगह पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने टमाटर बांटकर अपनी खुशियां जाहिर कीं। अब टमाटर इन दिनों २०० से ३०० रुपए किलो तक पहुंच गया है। ऐसे में टमाटर का महत्व समझा जा सकता है। रामपुर में कांग्रेस नेता संजय कपूर ने टमाटर बांटने के दौरान कहा कि टमाटर अब मिठाई से ज्यादा मंहगे हो गए इसलिए जनता को इसकी जरूरत है।
सिरफोड़ रिकॉर्ड
विश्व रिकॉर्ड कोई भी हो, उसे हासिल करना कोई छोटी उपलब्धि नहीं। मगर ऐसा भी क्या विश्व रिकॉर्ड बनाना कि अपना माथा ही फोड़ लिया जाए। मगर लोग रिकॉर्ड के लिए कुछ भी बकलोली कर सकते हैं। इसी कड़ी में २७ वर्षीय नवीन कुमार ने एक मिनट में अपने माथे से सबसे ज्यादा अखरोट तोड़कर गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। उन्होंने बगैर हाथ लगाए अपने माथे से एक मिनट में कुल २७३ अखरोट तोड़े हैं। असल में नवीन को अपने सिर से अखरोट तोड़ने में बड़ा मजा आता है। उन्होंने औसतन एक सेकंड में ४.५ अखरोट तोड़ते हुए एक मिनट में कुल २७३ अखरोट तोड़ डाले। ऐसा करके उन्होंने सीरियल रिकॉर्ड-ब्रेकर मोहम्मद राशिद का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है। राशिद ने २०१८ में २५४ अखरोट तोड़कर यह रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया था। दरअसल, नवीन और राशिद सालों से इस रिकॉर्ड पर स्वामित्व के लिए संघर्ष करते आए हैं। राशिद ने पहली बार २०१४ में कुल १५० अखरोट तोड़े थे, फिर २०१६ में १८१ अखरोट तोड़कर अपना ही पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया था। इसके बाद २०१७ में नवीन ने पहली बार इस रिकॉर्ड में हिस्सा लिया और उस दौरान उन्होंने २१७ अखरोट तोड़े थे। इसके एक साल बाद नवीन और राशिद का आमने-सामने का मुकाबला हुआ, जिसमें राशिद ने २५४ अखरोट तोड़कर जीत हासिल की। अब नवीन द्वारा तोड़े गए सभी अखरोट इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस को दान कर दिए गए हैं। इस खेल में सभी अखरोटों को एक मेज पर लाइन से रखा जाता है और बगैर हाथ लगाए अपने सिर से एक समय में केवल एक अखरोट ही तोड़ा जा सकता है। इस दौरान अखरोट के छिलके कम से कम दो टुकड़ों में पूरी तरह से टूटे होने चाहिए।