श्रीकिशोर शाही
किस करना प्रेम का सबसे आसान और सटीक प्रकटीकरण है। माता-पिता अपने नन्हे-मुन्ने को किस करते हैं। उसे चूमते हैं। जवानी में प्रेमी-प्रेमिका के बीच प्रेम को इजहार करने का यह सबसे अच्छा माध्यम है। आजकल लोग अपने घरों में कुत्ते-बिल्ली जैसे कई तरह के पालतू जानवर पालते हैं और आप सोशल मीडिया पर नजरें दौड़ाएंगे तो उन्हें लोग प्यार से चूमते-चाटते भी नजर आएंगे। मगर कई बार लोग बकलोली की इंतहा भी कर देते हैं। ऐसे में वही होता है जो इस शख्स के साथ हुआ। यह शख्स एक सांप को किस करने चला था। इस शख्स का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में नजर आता है कि एक शख्स सांप को किस कर रहा है। सांप भी कोई ऐरा-गैरा नहीं बल्कि खतरनाक किंग कोबरा। अब वह शख्स सांप को किस तो कर लेता है लेकिन उसके बाद सांप ने जो फुफकार मारी तो उसके होश उड़ गए। वो शख्स जमीन पर बैठे किंग कोबरा के करीब जाकर उसके मुंह पर किस करने की कोशिश करता है। लेकिन, अचानक कोबरा बड़ी तेजी से उसके मुंह पर वार कर देता है और शख्स उछल जाता है और उसकी जोर से चीख निकल जाती है। सांप उससे दूर जाने लगता है तो वो सांप की पूंछ पकड़ लेता है। ऐसे में एक यूजर ने लिखा, किसी को भी अपनी जिंदगी के साथ ऐसा खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। दूसरे ने लिखा- ये बेहद मूर्खतापूर्ण कार्य है।
दूल्हे की पढ़ाई कार्ड पर काम आई
शादी-ब्याह की जब बात होती है तो अक्सर पूछा जानेवाला जो सामान्य सवाल है, वो यही है कि लड़का या लड़की कितने प़ढ़े-लिखे हैं? उनकी शिक्षा क्या है आदि। आज के जमाने में तो शादियों के रंग-ढंग ही बदल गए हैं। अब तो व्हॉट्सऐप पर निमंत्रण पत्र बनाकर भेजे जाने का प्रचलन शुरू हो चुका है। हालांकि, कार्ड आज भी छापे जाते हैं पर उनका रुतबा कम हो गया है। तो ऐसा ही एक पुराना शादी का कार्ड सोशल मीडिया पर एक शख्स ने शेयर किया है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। असल में शादी के इस कार्ड पर लड़का-लड़की दोनों के सामने इस बात का भी जिक्र किया गया है कि वे कितना पढ़े-लिखे हैं। ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए निमंत्रण में दूल्हे का नाम आईआईटी मुंबई से जुड़ा हुआ दिखाया गया है, जबकि दुल्हन का नाम आईआईटी दिल्ली से जुड़ा हुआ है। ऐसे में एक यूजर ने लिखा, ‘पाठ्यक्रम के लिए बराबर। कुछ दशक पहले, जब डिग्री प्राप्त करना कठिन था, बीएससी-बीकॉम जैसी डिग्रियों के बारे में बताना एक बड़ी बात मानी जाती थी।’ दूसरे यूजर ने लिखा, ‘मैं वहां था, काजू कतली, शादी के केक और यहां तक कि चाट पर भी इसके बारे में लिखा गया था।’ तीसरे यूजर ने मजाक में कहा, ‘निराश हूं कि उस आमंत्रण में उनके प्रमुख, वेतन, लिंक्डइन प्रोफाइल का उल्लेख नहीं था।’ चौथे ने कमेंट किया, ‘ओह रैंक तो गायब है।’