मुख्यपृष्ठटॉप समाचारबेस्ट का मुंबईकरों को झटका... सिंगल टिकट का डबल चार्ज! ...यात्री किराए...

बेस्ट का मुंबईकरों को झटका… सिंगल टिकट का डबल चार्ज! …यात्री किराए में शत-प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव तैयार

ब्रिजेश पाठक / मुंबई
मुंबई में दूसरी सस्ती और टिकाऊ लाइफलाइन मानी जानेवाली ‘बेस्ट’ आनेवाले दिनों में आम जनता को झटका दे सकती है। बेस्ट परिवहन विभाग को हो रहे घाटे, कर्मचारियों के कर्ज और मुंबई मनपा से लगातार आर्थिक सहायता की मांग की पृष्ठभूमि में सिंगल टिकट पर डबल चार्ज लगाने का विचार किया जा रहा है। इसके तहत यात्री किराए के शत प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव तैयार है। ऐसे में यदि इस पर मुहर लगती है तो यात्रियों को भविष्य में दोगुना किराया देना होगा। यानी १० रुपए के टिकट के सीधे २० रुपए हो जाएंगे। इसका सीधा असर गरीबों की जेबों पर पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि मुंबई के कोने-कोने तक पहुंचनेवाली बेस्ट परिवहन उपक्रम निम्न मध्यमवर्गीय और गरीबों के लिए बहुत बड़ा सहारा है। इस सेवा का सफर सस्ता होने की वजह से बेस्ट बसों से रोजाना लाखों यात्री अपने गंतव्यों तक पहुंचते हैं।

चर्चा के बाद निर्णय
कहा गया कि आगे विस्तृत चर्चा के बाद ही निर्णय लिया जाएगा। बेस्ट एंटरप्राइज घाटे में है। प्रबंधक श्रीनिवास ने कहा है कि कर्मचारियों के बकाए की अदायगी के अलावा अन्य खर्च भी हैं इसलिए किराया बढ़ाने का विकल्प खुला है। हालांकि, अभी इस बारे में अभी कुछ कहना सही नहीं होगा।

दूसरा विकल्प नहीं
इस बैठक में किराया वृद्धि समेत बेस्ट के बेड़े में शामिल बसों और अन्य सेवाओं की समीक्षा की। इसमें बताया गया कि कर्मचारियों के बकाए और घाटे को कम करने के लिए किराया बढ़ाने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।

दो दिन पहले बैठक
अब बेस्ट बसों के किराए में वृद्धि किए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। धारावी पुनर्विकास परियोजना के सीईओ और बेस्ट के प्रभारी प्रबंधक एस. वी. आर. श्रीनिवास ने गुरुवार को बेस्ट अधिकारियों के साथ बैठक की थी।

टैक्सी-रिक्शा के बाद महंगी होगी बेस्ट यात्रा!
किराया बढ़ाने का आया प्रस्ताव न्यूनतम किराया १० रुपए

टैक्सी-रिक्शा का किराया बढ़ाने के बाद अब बेस्ट बसों का नंबर है। बेस्ट ने टिकट की कीमतें बढ़ाने पर विचार किया है। बेस्ट ने सामान्य बसों का किराया पांच से बढ़ाकर १० रुपए और एसी बसों का किराया ६ से बढ़ाकर १२ रुपए करने का प्रस्ताव दिया है। बता दें कि वर्तमान में बेस्ट प्रतिदिन लगभग दो करोड़ रुपए की आय अर्जित करता है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने उम्मीद जताई कि किराया वृद्धि से इसमें वृद्धि होगी। कुछ दिन पहले मुंबई में रिक्शा और टैक्सियों के मीटर दरों में बढ़ोतरी की गई है। एक फरवरी से मुंबई महानगर क्षेत्र में मीटर वाले ऑटोरिक्शा और टैक्सियों के किराए में तीन रुपए की वृद्धि कर दी गई। कूल कैब का किराया आठ रुपए बढ़ा दिया गया। इन नई दरों के अनुसार, मुंबई में ऑटोरिक्शा का न्यूनतम किराया २३ रुपए से बढ़ाकर २६ रुपए कर दिया गया है, जबकि टैक्सी का न्यूनतम किराया २८ से बढ़ाकर ३१ रुपए कर दिया गया है। इसके अलावा कूल वैâब का किराया ४० के बजाय ४८ रुपए कर दिया गया है।

अन्य समाचार