मुख्यपृष्ठनए समाचारबिश्नोई की मुंबई में होगी ‘कॉरपोरेट’ दहशत!... गुर्गों को भर्ती करने के...

बिश्नोई की मुंबई में होगी ‘कॉरपोरेट’ दहशत!… गुर्गों को भर्ती करने के लिए बाकायदा ‘एचआर’ किया नियुक्त

• प्रा. लिमिटेड कंपनी की तर्ज पर गैंग में लगातार भर्ती हो रहे हैं यूपी-बिहार और महाराष्ट्र के लड़के
नागमणि पांडेय / मुंबई
हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, जबरन वसूली जैसी दर्जनों वारदातों को अंजाम देकर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा व यूपी सहित कई राज्यों में दहशत का दूसरा नाम बन चुका कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई अब मुंबई पर कब्जा जमाने की तैयारी कर रहा है। जेल मे रहकर भी अपनी दहशत को लगातार बढ़ाने में कामयाब हो रहा बिश्नोई अब मुंबई में कॉर्पोरेट कंपनी की तर्ज पर गुर्गों की भर्ती कर रहा है। इसके लिए बिश्नोई ने अपने ‘एचआर’ (विशेष सहयोगी) संपत नेहरा को मुंबई, पुणे के अलावा यूपी, बिहार से ‘लड़कों’ को गिरोह में भर्ती करने की जिम्मेदारी सौंपी है। बताया जा रहा है कि बॉलीवुड और मुंबई का कॉर्पोरेट वर्ग मुख्य रूप से टारगेट बनाने का लक्ष्य बिश्नोई ने रखा है।
बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई का सबसे खास सहयोगी और मैनेजर माना जानेवाला संपत नेहरा संपत भी जेल में ही बंद है लेकिन लॉरेंस की तरह उसकी आपराधिक गतिविधियां लगातार जारी है। दावा किया जा रहा है कि गैंग के लिए देशभर में गुर्गों की भर्ती, शस्त्रों की आपूर्ति और दूसरे काम संपत ही कर रहा है। अर्थात जेल में बंद होने के बाद भी संपत नेहरा, लॉरेंस के गैंग को बढ़ा रहा है। संपत नेहरा जेल से ही सोशल साइट्स के जरिए अपने नेटवर्क को मजबूत कर रहा है। मुंबई में बिश्नोई गैंग की सक्रियता की आशंका से पुलिस के हाथ-पांव फूल रहे हैं।

सलमान को मरवाकर दबदबा बनाने का लक्ष्य
गौरतलब हो कि संपत पहले भी बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को निशाना बनाने की नाकाम कोशिश कर चुका है। बताया जा रहा है कि बिश्नोई ने गैंग में गुर्गों की भर्ती के साथ-साथ अपने ‘एचआर’ को सलमान खान को जल्द से जल्द निशाना बनाने का लक्ष्य सौंपा है, ताकि बॉलीवुड और मुंबई के कॉर्पोरेट जगत उसके गैंग की ताकत और खौफ एक ही वारदात से बढ़ जाए।

अन्य समाचार