मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा ने शिंदे से सीएम सहायता निधि विभाग भी छीना ...एकनाथ के...

भाजपा ने शिंदे से सीएम सहायता निधि विभाग भी छीना …एकनाथ के करीबी को हटाकर, महाजन के पीए को बनाया मुखिया

 

सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य में भाजपा का मुख्यमंत्री बनने के साथ तमाम पदों से पूर्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के लोगों को हटाया जा रहा है। सामान्य पदों से भी शिंदे के करीबियों को हटाकर भाजपा अपने लोगों को नियुक्त कर रही है। मुख्यमंत्री सहायता निधि कक्ष का मुखिया अब सीएम देवेंद्र फडणवीस के करीबी भाजपा नेता व पूर्व मंत्री गिरीश महाजन के पीए रामेश्वर नाइक को बनाया गया है।
बता दें कि महाराष्ट्र में महायुति सरकार २ के गठन के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री सहायता निधि कक्ष के प्रमुख पद पर डॉ. रामेश्वर नाईक की नियुक्ति की गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव श्रीकर परदेशी ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी किया है। इससे पहले मुख्यमंत्री सहायता निधि कक्ष का प्रभार मंगेश चिवटे के पास था, जो पूर्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के करीबी माने जाते थे, लेकिन अब उनकी जगह डॉ. रामेश्वर नाईक को नियुक्त किया गया है, जो देवेंद्र फडणवीस के विश्वासपात्र हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री सहायता निधि कक्ष राज्य के जरूरतमंद मरीजों को आर्थिक मदद प्रदान करने के उद्देश्य से बनाया गया है। इस कक्ष की स्थापना देवेंद्र फडणवीस ने २०१४ में अपने पहले कार्यकाल में की थी। एकनाथ शिंदे के कार्यकाल में इस कक्ष के प्रभावी संचालन से सकारात्मक छवि निर्माण का उदाहरण सामने आया था। अब डॉ. रामेश्वर नाईक की नियुक्ति के बाद मुख्यमंत्री सहायता निधि कक्ष के कामकाज में किस प्रकार के बदलाव और सुधार होंगे, यह देखने वाली बात होगी।

अन्य समाचार