मंगलेश्वर (मुन्ना)त्रिपाठी
जौनपुर। निकाय चुनाव की घोषणा के साथ जिला मुख्यालय की नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़नेवालों में जहां भाजपा में प्रत्याशी को लेकर उहापोह की स्थित है वहीं पर निवर्तमान अध्यक्ष एवं बसपा के बैनर तले चुनावी जंग में कूदी पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका परिषद दिनेश टंडन की पत्नी माया टंडन ने अपने प्रचार अभियान को गति प्रदान करते हुए अन्य दलों के सापेक्ष काफी आगे निकलती नजर आ रही है। सपा और भाजपा से चुनाव लड़ने के इच्छुक लोग अभी टिकट घोषित होने का इंतजार करने को मजबूर है।
यहां बता दें कि भाजपा से चुनाव लड़नेवालों की लम्बी फेहरिस्त है। दावेदारों में गहना कोठी परिवार के विवेक सेठ उर्फ मोनू अपनी पत्नी अर्चना सेठ को चुनावी जंग में लाने की तमन्ना के साथ टिकट की मांग कर रहे हैं तो विमल सेठ भी अपनी पत्नी मंजूमोना सेठ के लिए टिकट मांग रहे हैं। आशीष गुप्ता आशू अपनी पत्नी सारिका गुप्ता के लिए एड़ी से चोटी तक जोर लगाए हैं। मौर्य समाज से डाॅ राम सूरत मौर्य अपनी पत्नी मनोरमा के लिए दौड़ रहे हैं तो राजेश मौर्य भी अपनी पत्नी के लिए नेताओं के चक्कर काट रहे हैं। निरज मौर्य भी अपनी पत्नी अंशू मौर्या के लिए जौनपुर लखनऊ एक किए हैं। इसके साथ ही जान्हवी चौहान और सीमा सिंह चौहान खुद सीधे तौर पर टिकट की मांग कर रही हैं। लगभग सभी संभावित लोग जनता के बीच जाकर पार्टी के लिए वोट मांगने के बजाय अभी नेताओ पार्टी के जिम्मेदारो की चरण वंदना करने में लगे हुए हैं। इस तरह यहां पर सपा और भाजपा जो सीधे निवर्तमान अध्यक्ष माया टंडन बसपा प्रत्याशी से मुकाबले की स्थित में है। अधिसूचना जारी होने के बाद अभी तक जनता के बीच पहुंचने के बजाय नेताओ की चरण बन्दना में लगे है।जबकि माया टंडन आरक्षण की सूची आने के तुरंत बाद सक्रिय हो गई और जनता के दरवाजे पर वोट के लिए अपनी झोली फैला दिया और पूर्व के वर्षो में अपने कार्यो का हवाला देते हुए अपने पक्ष में मतदान की अपील शुरू कर दिया है। यहां बता दें कि नगर पालिका परिषद जौनपुर के अध्यक्ष पद पर टंडन परिवार का विगत 22 वर्षो से लगातार कब्जा चला आ रहा है। पहले पति दिनेश टंडन अध्यक्ष रहे फिर महिला होने पर माया टंडन ने जिम्मेदारी निभाई है।