सामना संवाददाता / नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह ने कहा कि ११ साल में २२ करोड़ नौकरियां देने का वादा करने वाली भाजपा ने देश को केवल महंगाई और बेरोजगारी दी है, जबकि केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के सरकारी स्कूलों और अस्पतालों को विश्वस्तरीय बनाया। वर्तमान में अमेरिका भी हमारे मॉडल से प्रेरणा ले रहा है। आप सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं में ऐतिहासिक काम किए हैं।
विकासपुरी, द्वारका और मटियाला विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित जनसभाओं में संजय सिंह ने दावा किया कि दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल को चौथी बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए तैयार है। दिल्ली में इस बार फिर झाड़ू चलेगी। अरविंद केजरीवाल की सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने २,१०० रुपए सम्मान राशि दी जाएगी और बुजुर्गों के इलाज का पूरा खर्च संजीवनी योजना के तहत सरकार उठाएगी। संजय सिंह का आरोप है कि भाजपा के लोग स्कूल व अस्पताल नहीं बना सकते।