सामना संवाददाता / अयोध्या
उत्तर प्रदेश की १० विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। इनमें से मिल्कीपुर विधानसभा सीट सबसे अहम मानी जा रही है। अयोध्या जिले में आनेवाली विधानसभा सीट मिल्कीपुर भाजपा और समाजवादी पार्टी के लिए आन-बान-शान का पर्याय बन गई है। जहां भाजपा अयोध्या से लोकसभा सीट हारने के बाद अपनी इज्जत बचाने की जुगत में है, वहीं सपा भी यहां जीत दर्ज कर भाजपा को करारा जवाब देना चाहती है। यही कारण है कि यहां चुनाव से पहले ही भाजपा और सपा के बीच जुबानी जंग जारी है। हाल ही में यहां भाजपा ने सपा की लाल टोपी को लेकर प्रहार करते हुए जुबानी हमला किया था। अब इस हमले के जवाब में सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने भी करारा जवाब दिया है। अवधेश प्रसाद ने मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव जीतने का सपना देख रही भाजपा को मुंगेरीलाल तक कह दिया। अवधेश प्रसाद ने कहा कि भाजपा यहां बिल्कुल नहीं जीतेगी और यहां जीत के सपने देखना मुंगेरीलाल के हसीन सपने जैसा है। अवधेश प्रसाद ने कहा कि भाजपा लाल टोपी से घबरा गई है। उनको पता है लाल टोपी ही इनको सत्ता से अलग करेगी।
जब से भाजपा लोकसभा चुनाव अयोध्या में हारी है, तब से भाजपा पूरी तरह से लाल टोपी से घबरा गई है। लोकसभा में लाल टोपी तीसरी शक्ति बन गई है। उपचुनाव में लाल टोपी ही इनको हराएगी। समाजवादी पार्टी ही सारी सीटों पर विजय पाएगी।