सामना संवाददाता / लखनऊ
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को जमीन मिल जाए वहीं लग जाते हैं। भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी भूमाफिया है। प्रभु श्रीराम की धरती पर जितनी रजिस्ट्री हुई है सब भाजपाइयों की हैं। नोएडा में जितनी रजिस्ट्री हुई है उनमें सब भाजपाई हैं। ये लोग सबसे बड़े भूमि माफिया हैं। वक्फ बोर्ड के विवाद को यह खत्म नहीं करना चाहते हैं। विवाद को और बढ़ाना चाहते हैं। आपस में नफरत कैसे बढ़े यह बीजेपी का काम है। मिल्कीपुर उपचुनाव प्रचार पर अखिलेश यादव ने कहा कि हम बहुत जल्दी वहां प्रचार के लिए जा रहे हैं। हम सब मिलकर मिल्कीपुर का चुनाव जीतेंगे। भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पुलिस वहां आगे कर दी है। लखनऊ में बैठकर बेईमानी हो रही है। वहां की जनता जान रही है कि अगर निष्पक्ष चुनाव हुआ तो समाजवादी पार्टी जीतेगी। सरकार और पुलिस बीजेपी के इशारे पर काम कर रही है। अधिकारियों के माध्यम से वोट डलवाने की जो संस्कृत पैदा की जा रही है वह बेहद खतरनाक है। वर्शिप एक्ट पर अखिलेश यादव ने कहा कि हमें सभी धर्म का सम्मान करना है। भारतीय जनता पार्टी समय-समय पर ऐसे काम करती है, जिससे समाज में नफरत बढ़े। उनको बेरोजगारी पर कोई बात नहीं करनी है, उनको गरीबी पर कोई बात नहीं करनी है, उनका देश के विकास के बारे में कोई बात नहीं करनी है।