विक्रम सिंह / सुल्तानपुर
ये कड़वा सच है..गौशालाएं भ्रष्टाचार से व्याप्त अव्यवस्था से कराह रही हैं। गौवंश दुर्दशाग्रस्त हैं। अफसर फर्जी रिपोर्ट शासन को प्रेषित कर सब कुछ ओके दिखाने में लगे हैं। सत्ताधारी दल भाजपा मौन है। ऐसे माहौल में गाय और गौशाला की स्थिति पर कांग्रेस आगे आ गई है। गुरुवार को इसी मुद्दे पर सुल्तानपुर की सड़कों पर कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश महासचिव योगेंद्र मिश्र व प्रदेश सचिव/प्रभारी अर्जुन पासी, शहर अध्यक्ष शकील अंसारी की उपस्थिति व कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता व नेता सड़क पर उतर आये, जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय से नारेबाजी करते हुए लाल डिग्गी चौराहा, सुपर मार्केट, डाकखाना चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे।
कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर भारी पुलिस फोर्स तैनात थी। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट के अंदर जाने की जिद पर कांग्रेसी अड़े रहे और गेट के सामने धरने पर बैठकर जमकर नारेबाजी करते रहे। इससे मजबूर होकर कांग्रेसियों को अंदर जाने की इजाजत दे दी। भारी संख्या में कांग्रेसी डीएम कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन करते हुए पांच सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना को सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जनपद की सभी गौशालाओं में दिए जा रहे चारे व दवा इलाज की सूचना नियमित सूचना विभाग द्वारा दैनिक अखबार में छपवाई जाए। साथ ही साथ अलग-अलग गौशालाओं की संख्या भी घोषित की जाए, जिससे ज्ञात हो सके कि बंद गौशालाओं के भीतर क्या हो रहा है। जनपद की सभी गौशालाओं में पशु चिकित्सक के विजिट की कार्य योजना बनाई जाए और उनके द्वारा किए गए इलाज की सूचना भी सार्वजनिक की जाए। गौशाला में हाल में हुई गायों की मृत्यु की जांच उच्च अधिकारियों की समिति बनाकर कराई जाए और दोषी व्यक्तियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए। जनपद की प्रत्येक गौशाला स्थानीय स्तर पर समिति गठित की जाए, जिसमें सरकार व सत्ता पक्ष के अतिरिक्त विपक्षी दलों के जिम्मेदार लोगों को भी रखा जाए, जो गौशालाओं का निरीक्षण बिना रोक-टोक के कर सके। प्रत्येक निर्मित गौशाला की भौतिक दशा की जानकारी हेतु गठित समिति की देख-रेख में सक्षम टेक्निकल अधिकारी से गौशालाओ की जांच कराई जाए। इन मांगों के साथ कांग्रेसियों ने जिलाधिकारी ज्ञापन देकर कार्रवाई किए जाने की मांग किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार सिर्फ चुनावी फायदे को लेने के लिए गाय पर बात करती है, चुनाव खत्म होने के बाद इन्हें दरबदर की ठोकरे खाने के लिए छोड़ दिया जाता है। आज के समय में जनपद के समस्त गौशालाओं में गायों की दुर्दशा हो रही है। जनपद के समस्त गौशालाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया गया है, जिसकी उच्च स्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों के प्रति दंडात्मक कार्यवाही की जानी चाहिए। वहीं उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में लंभुआ की एक गौशाला में सैकड़ों गाय भूख प्यास से मर गई, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था, जिसमें सैकड़ों की संख्या में गायों के कंकाल इधर-उधर बिखरे हुए दिखाई दिए, जो बहुत ही निंदनीय है। जिसकी जांच कर दोषी अधिकारियों के प्रति कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए, अन्यथा हम कांग्रेस जन जल्द ही एक बड़ा आंदोलन करेंगे। प्रदेश महासचिव एवं प्रभारी योगेंद्र मिश्र और प्रदेश सचिव अर्जुन पासी ने कहा कि भाजपा सरकार को सिर्फ चुनाव के समय में गौ माता नजर आती है। लंभुआ में मृत्यु मिले गायों के कंकाल का वायरल वीडियो से हम कांग्रेस जन अत्याधिक आहत हैं। गौशालाओं में गाय भूख से दम तोड़ रहे हैं, चारे के लिए मिला धन भ्रष्टाचार में चला जा रहा है। प्रशासन में इस पर ध्यान नहीं दिया तो कांग्रेस के लोग गांव में घर-घर घूम कर चंदे के रूप में भूसा मांग कर जिलाधिकारी को देंगे। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ओपी चौधरी ने कहा कि जनपद के समस्त गौशालाओं में गायों की देख-रेख करने के लिए समुचित व्यवस्था की जाए, जिससे गायों को किसी भी प्रकार की समस्या ना हो सके। पूर्व प्रदेश सचिव राहुल त्रिपाठी ने कहा कि गौ माता पर अत्याचार हम कांग्रेस जन कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। वायरल वीडियो में जो कंकाल मृत गायों के देखे जा रहे हैं, उनकी दुर्दशा करने वाले अधिकारियों पर प्रशासन दंडनात्मक करवाई करें, जिससे भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा ना घटित हो।
इस मौके पर वरिष्ठ नेता हरीश त्रिपाठी,शहर अध्यक्ष शकील अंसारी, प्रवक्ता नफीस फारुकी, एआईसीसी सदस्य फिरोज अहमद, पीसीसी सदस्य लाल पद्माकर सिंह,मिर्जा अकरम बेग, कृपा शंकर तिवारी, राजेश तिवारी, सिराज अहमद भोला, जय प्रकाश पाठक, महेंद्र सिंह, योगेश प्रताप सिंह, तेजबहादुर पाठक, ममनून आलम, मोहम्मद मोबीन, मनोज कुमार तिवारी, अरुण कुमार त्रिपाठी, कालीसहाय सिंह, निकलेश सरोज, राम कुमारी, सुब्रत सिंह सनी, मानस तिवारी, रणवीर सिंह राना, समीर मिश्र, आवेश अहमद, पवन मिश्रा कटावा, अरशद पवार, सर्वेश विक्रम सिंह, शिवम पाठक, अशोक वर्मा, पंकज सिंह, अतहर नवाब, अनवर अंसारी, इंतजार अहमद, प्रेम भारती, जमीदार यादव, अर्श खान लकी, श्याम लगन, निजामुद्दीन गुड्डू, अवधेश गौतम आदि मौजूद रहे।
गौरक्षा वाहिनी का कांग्रेस पर पलटवार !
राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहिनी गौ सेवा संघ के प्रदेश प्रभारी सर्वेश सिंह टाइगर व महामंत्री जयशंकर दुबे ने कांग्रेसियों के विरोध प्रदर्शन पर तीखा सवाल दागा है। उन्होंने कहा कि सिर्फ राजनीति चमकाने के लिए विरोध प्रदर्शन हो रहा है। जिला प्रशासन गौ रक्षा वाहिनी गौ सेवा संघ की शिकायत पर पहले ही लापरवाह गौशाला के कर्मचारियों पर कार्रवाई कर चुका है। यह विरोध प्रदर्शन महज कांग्रेसियों का दिखावा है।