सामना संवाददाता / मुंबई
बुलढाणा जिले के एक पुलिस थाने में भाजपा पदाधिकारी ने महिला की बेरहमी से पिटाई की है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष की उपनेता सुषमा अंधारे ने इस घटना का वीडियो सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर पोस्ट किया है। यह घटना सामने आने के बाद भाजपा नेता के इस कृत्य की जमकर आलोचना हो रही है।
सुषमा अंधारे द्वारा किए गए पोस्ट के मुताबिक भाजपा पदाधिकारी का नाम शिवा तायडे है। वे मलकापुर कृषि उपज बाजार समिति के अध्यक्ष हैं। उन पर थाने में ही एक महिला की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप है। सुषमा अंधारे ने इस मामले में भाजपा के साथ-साथ राज्य के गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पुलिस प्रशासन की भी आलोचना की है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि स्थानीय भाजपा नेता और मलकापुर जिला बुलढाणा कृषि उपज बाजार समिति के अध्यक्ष शिवा तायडे नामक गांव के गुंडे ने शहर पुलिस स्टेशन में ही एक महिला की पिटाई कर दी।
सोशल मीडिया पर गुस्से की लहर
सुषमा अंधारे द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला थाने में बेंच पर एक युवक के साथ बैठी है। भाजपा पदाधिकारी शिवा तायडे अचानक कुर्सी से उठकर महिला के पास आते हैं और उसकी पिटाई कर देते हैं। इसी दौरान एक अन्य महिला और पुलिसकर्मी उन्हें रोकने की कोशिश करते हैं, लेकिन शिवा तायडे उन सभी को एक तरफ धकेल देते हैं और उक्त महिला की पिटाई करते रहते हैं। इतना ही नहीं, उक्त महिला को बचाने दौड़ी दूसरी महिला को भी वे वीडियो में पीटते नजर आ रहे हैं। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि शिवा तायडे और उक्त महिला किस मामले में थाने पहुंचे थे, लेकिन सुषमा अंधारे के इस वीडियो को पोस्ट करने के बाद सोशल मीडिया पर गुस्से की लहर दौड़ गई है।
भाजपा के एक विधायक ने थाने में की थी फायरिंग
गौरतलब है कि दो जनवरी को उल्हासनगर के हिललाइन पुलिस स्टेशन में भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ ने शिंदे गुट के पदाधिकारी महेश गायकवाड़ पर फायरिंग कर दी थी। इसमें महेश गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना से भाजपा के सामने शर्मनाक स्थिति पैदा हो गई थी। इसके बाद एक बार फिर भाजपा पदाधिकारी शिवा तायडे द्वारा थाने में ही महिला की पिटाई करने पर लोगों में गुस्सा जाहिर किया जा रहा है।