सामना संवाददाता / विदिशा
मध्य प्रदेश के भाजपा नेता पर उसकी भतीजी ने रेप का आरोप लगा है। यह मामला मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष से जुड़ा है। आरोप है कि भाजपा नेता पिछले ४ साल से पीड़िता का रेप कर रहा है। आरोप लगाने वाली लड़की नेता की भतीजी बताई जा रही है, जिसकी उम्र २३ साल है। लड़की ने नटेरन पुलिस थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने केस दर्ज कर लड़की की मेडिकल जांच कराई है, जिसमें रेप की पुष्टि हुई है। वहीं आरोपी नेता ने पार्टी और अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा नेता का कहना है कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है। कांग्रेस ने पुलिस और सरकार पर भाजपा नेता को बचाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसके साथ कई साल से दुष्कर्म कर रहा था। इतना ही नहीं उसने बताया कि यह बात किसी और को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतन की धमकी दी थी। पुलिस ने नेता के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद मध्य प्रदेश में राजनीतिक घमासान मच गया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, ‘पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि बीजेपी नेता लंबे समय से उसका उत्पीड़न और यौन शोषण कर रहा था। लेकिन उसे अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। भाजपा सरकार उसे बचाने की कोशिश कर रही है।’ हालांकि, भाजपा नेताओं ने इस मामले में कोई बयान नहीं दिया है। बता दें कि विदिशा लोकसभा सीट से भाजपा के केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सांसद हैं। यह मामला उनके संसदीय क्षेत्र में हुआ है, जिससे राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।