सामना संवाददाता / मैहर
मध्यप्रदेश में मैहर के नगरपालिका परिसर में बीते दिनों आयोजित गीता महोत्सव कार्यक्रम में बीजेपी विधायक और महिला नेत्री के बीच नोक-झोंक हुई थी। महिला नेत्री जिला पंचायत सदस्य जयंती महेश तिवारी ने मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी पर कार्यक्रम के दौरान अपमानित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला नेत्री ने बताया कि विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने उनको कहा कि तुम आगे-आगे हर जगह कूदती हो, ऐसा नहीं चलेगा। नेत्री ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री महिला सशक्तिकरण की बात कर रहे हैं और यहां उन्हीं के नेताओं के द्वारा महिला का अपमान किया जा रहा है। सतना जिला पंचायत सदस्य जयंती महेश तिवारी ने कहा कि कार्यक्रम के शुभारंभ के समय सभी जनप्रतिनिधि और मैं मंच पर थे। तभी दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष गीता सोनी ने दीप प्रज्वलित करने के लिए जयंती महेश तिवारी को पुकारा। जैसे ही जयंती महेश तिवारी ने दीप प्रज्वलित करना शुरू किया, तभी विधायक दीप छीनने का प्रयास करने लगे। जब उन्हें रोका गया तो विधायक महिला नेत्री को कुछ बोलने लगे, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
महिला नेत्री ने बताया कि उस समय विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने उनको कहा कि तुम आगे-आगे हर जगह कूदती हो, ऐसा नहीं चलेगा। इस तरह स्वागत कार्यक्रम में ही मेरा अपमान किया गया। काफी देर तक मैं बर्दाश्त करके बैठी रही। मगर जब मेरे सब्र का बांध टूटा तो मैं मंच पर पहुंची और अपने अपमान के सबंध में बात रखी। जयंती महेश तिवारी ने घर पर पत्रकार वार्ता की। जहां उन्होंने कहा कि जिस तरह से महाभारत में दुर्योधन की सभा द्रौपदी को अपमानित किया गया था। ठीक उसी तरह मेरा अपमान हुआ है और सभी लोग मूकदर्शक बने देखते रहे हैं। आज ये मेरे साथ हुआ है, कल किसी और के साथ भी हो सकता है।