मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा विधायकों का मंत्री बनने का सपना हुआ चकनाचूर! ... छोड़ो ख्वाब, काम...

भाजपा विधायकों का मंत्री बनने का सपना हुआ चकनाचूर! … छोड़ो ख्वाब, काम पर लग जाओ जनाब

• भाजपा विधायकों को फरमान
सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य की ईडी सरकार में मंत्री बनने का सपना देख रहे भाजपा विधायकों का सपना चकनाचूर होता हुआ दिखाई दे रहा है। भाजपा विधायकों को उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ओर से फरमान जारी किया गया है कि किसी भी पद और प्रतिष्ठा का लालच न करते हुए आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव की तैयारी में लग जाओ।
बता दें कि अजीत पवार के ईडी सरकार में शामिल होने के बाद से ही शिंदे गुट और भाजपा के विधायकों में निराशा छा गई है। शिंदे गुट के कई विधायक सार्वजनिक तौर पर इस संदर्भ में नाराजगी भी व्यक्त कर चुके हैं। इन सबके बाद भी शिंदे गुट के विधायक संजय शिरसाट का दावा है कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को मंत्रिमंडल का विस्तार करना ही होगा। मंत्रिमंडल के दूसरे चरण का विस्तार कब होगा? इस सवाल पर शिरसाट ने कहा कि लोकसभा भाजपा के लिए महत्वपूर्ण है। इसके लिए भाजपा पूरी ताकत से काम पर लगी है, सभी विधायकों को काम पर लगने का निर्देश दिया है। इसका अर्थ यह नहीं है कि मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं होगा। हालांकि, मंत्रिमंडल विस्तार का पूरा अधिकार मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास है। वे चाहेंगे, तभी मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। वहीं भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने अनौपचारिक बातचीत में बताया कि मंत्री बनने के इच्छुक विधायकों की संख्या भाजपा और शिंदे गुट दोनों में बहुत अधिक है। इस स्थिति में ऐन चुनाव के मौके पर मंत्रिमंडल के विस्तार की गलती शिंदे और देवेंद्र फडणवीस नहीं करेंगे। मंत्रिमंडल विस्तार करने से विधायकों में नाराजगी होगी, जिसका प्रतिकूल प्रभाव आगामी चुनाव पर पड़ेगा। इसलिए किसी भी परिस्थिति में मंत्रिमंडल का विस्तार निकट भविष्य में होता हुआ नहीं दिखाई दे रहा है। यही कारण है कि देवेंद्र फडणवीस ने भाजपा विधायकों, सांसदों और पदाधिकारी को स्पष्ट शब्दों में निर्देश दे दिया है कि बिना किसी पद का लालच किए बिना आगामी चुनाव की तैयारी में लग जाएं।

अन्य समाचार

बोले तारे