मुख्यपृष्ठनए समाचारमिल्कीपुर विधानसभा चुनाव से घबराई भाजपा! ...सपा कार्यकर्ताओं एवं एजेंटों को पीट...

मिल्कीपुर विधानसभा चुनाव से घबराई भाजपा! …सपा कार्यकर्ताओं एवं एजेंटों को पीट रही है पुलिस…सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने लगाया आरोप

 

मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ

अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर पांच फरवरी को होने वाले मतदान को लेकर सपा प्रदेश अध्यक्ष ने बड़ा आरोप लगाया है। प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा कि मतदान में धांधली के लिए पूरी तैयारी की जा चुकी है। सपा नेताओं की शिकायतों को नहीं सुना जा रहा है। पुलिस हमारे कार्यकर्ताओं और एजेंट को धमकी दे रही है और उन्हें पीटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी को सपा का बूथ एजेंट ही नहीं बनने दिया जा रहा है। भाजपा लोकतंत्र का मजाक बना रही है। यह शर्मनाक है।

इसके पहले सोमवार को मिल्कीपुर में जनसभा करने आए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने निर्वाचन प्रक्रिया में गड़बड़ी को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा कि मतदाता पर्ची का क्षेत्र विशेष में बीएलओ की ओर से वितरण नहीं किया जा रहा है। चुनाव को प्रभावित करने के लिए प्रदेश सरकार के मंत्रियों और भाजपा विधायक के रिश्तेदारों व दोस्तों को थानेदार और सीओ के रूप में तैनात किया गया है।उन्होंने यहां तक कह डाला कि डीएम के इशारे पर उनको गलत कोऑर्डिनेट्स दिए गए ताकि उनका हेलीकॉप्टर मिल्कीपुर में न उतर पाए और वह जनसभा न करने पाएं। जवाब में भारतीय जनता पार्टी की ओर से जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने सपा अध्यक्ष के आरोपों को लेकर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि उनके सभी आरोप झूठे और तथ्यों से परे हैं। वह चुनाव में अपनी हार सामने देखकर खीझ मिटाने के लिए ऐसा कर रहे हैं। साथ ही डीएम व जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह ने स्पष्ट किया कि मतदाता पर्ची का शत प्रतिशत वितरण कराया जा रहा है। यदि कहीं मतदाता पर्ची नहीं भी पहुंची है तो अन्य विकल्पों का इस्तेमाल करके मतदाता अपना वोट डाल सकता है। ऐसा नहीं है कि मतदाता पर्ची न होने पर वह मतदान से वंचित रह जाएगा।”

अन्य समाचार