मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा तय करे आखिर शरद पवार क्या हैं ... अमित शाह के...

भाजपा तय करे आखिर शरद पवार क्या हैं … अमित शाह के तंज पर सुप्रिया सुले का जवाब

सामना संवाददाता / मुंबई
शरद पवार भ्रष्टाचार के सरगना हैं। इस तरह का तंज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कसा था। अमित शाह के इस तंज का जवाब देते हुए सांसद सुप्रिया सुले ने करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि शरद पवार भ्रष्टाचार के सरगना हैं तो मोदी सरकार ने ही उनको पद्मविभूषण से सम्मानित किया। इसलिए शरद पवार वास्तव में क्या हैं यह भाजपा तय करे।
पुणे में भाजपा राज्य कार्यकारिणी की बैठक में अमित शाह ने महाविकास आघाड़ी पर जोरदार हमला बोला था। उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा था कि शरद पवार भारतीय राजनीति में भ्रष्टाचार के सरगना हैं। उन्होंने कहा था कि शरद पवार ने भ्रष्टाचार को संस्थागत बनाने का काम किया है। राकांपा (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने उनकी आलोचना पर तीखा जवाब दिया है। भाजपा के लोग आज जिसे एनडीए सरकार कहते हैं, वह कुछ महीने पहले मोदी सरकार थी। उसी मोदी सरकार ने शरद पवार को पद्म विभूषण देकर सम्मानित किया। इसलिए भाजपा को तय करना चाहिए कि आखिर शरद पवार क्या हैं? अमित शाह खुद भी उसी सरकार में मंत्री थे। सुप्रिया सुले ने कहा कि उन्होंने यह आलोचना इसलिए की होगी क्योंकि वे उनकी सरकार द्वारा पवार साहेब को पद्मविभूषण दिए जाने के बारे में भूल गए होंगे।
आज भाजपा में ९० प्रतिशत भ्रष्टाचारी
महाराष्ट्र में भाजपा ने जिन नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे, वे आज महायुति सरकार में मंत्री हैं। अमित शाह के कार्यक्रम में भ्रष्टाचार के सबसे बड़े आरोपी अशोक चव्हाण उनके पीछे बैठे थे। उन्होंने कहा कि न केवल महाराष्ट्र, बल्कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक जिन नेताओं पर उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए आज उनमें से ९० फीसदी भाजपा में हैं। सुप्रिया सुले ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि इसके लिए भाजपा की वॉशिंग मशीन जिम्मेदार है।

अन्य समाचार

एक हैं हम