कर्नाटक में भाजपा सरकार ने ही कर्ज का पहाड़ किया खड़ा
सामना संवाददाता / मुंबई
कर्नाटक में कांग्रेस को सत्ता में आए अभी सिर्फ दो महीने हुए हैं। इससे पहले कर्नाटक में भाजपा की सरकार थी। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि कर्नाटक में ४० फीसदी कमीशन वाली भाजपा सरकार ने ही कर्ज का पहाड़ खड़ा कर दिया है। उन्होंने आगे कहा कि पिछले ९ साल में १०० लाख करोड़ रुपए का कर्ज हो गया है। मोदी से पहले ६७ साल में देश की सभी सरकारों ने सिर्फ ५५ लाख करोड़ रुपए का कर्ज लिया था, यानी मोदी ने ९ साल में तीन गुना कर्ज का पहाड़ खड़ा कर दिया है। इतना बड़ा कर्ज लेने के बावजूद देश में गरीबों की संख्या कम नहीं हुई बल्कि बढ़ी है। नई नौकरियां पैदा नहीं हुर्इं हैं। महंगाई तेजी से बढ़ रही है। ९ साल में गरीब और गरीब हो गए, जबकि मुट्ठीभर लोग अरबपति बन गए। मोदी सरकार में केवल मुट्ठीभर ‘मित्रों’ को फायदा हो रहा है और गरीबों का खून चूसा जा रहा है।’ प्रधानमंत्री को पता होना चाहिए था कि महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर भी कर्ज का बड़ा पहाड़ खड़ा हो गया है।
तिलक को भी मोदी का भारत पसंद नहीं आता
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोकमान्य तिलक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। लेकिन अगर आज लोकमान्य तिलक जिंदा होते तो उन्हें ऐसे व्यक्ति का भारत पसंद नहीं आता, जो सर्वोच्च पद पर बैठकर देश में सिर्फ नफरत के बीज बोए और हिंदू-मुस्लिम झगड़े को हवा दे। लोकमान्य तिलक ने हिंदू-मुस्लिम एकता के लिए महान प्रयास किए थे। लोकमान्य तिलक ने अत्याचारी ब्रिटिश शासन के खिलाफ लोगों को एकजुट करने का काम किया था लेकिन भाजपा और नरेंद्र मोदी लोगों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करने का पाप कर रहे हैं।