मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा शिंदे-दादा में करेगी एक का पत्ता कट! ...कांग्रेस विधायक बलवंत वानखेड़े...

भाजपा शिंदे-दादा में करेगी एक का पत्ता कट! …कांग्रेस विधायक बलवंत वानखेड़े का दावा

सामना संवाददाता / मुंबई
विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के समक्ष शिवसेना के १६ विधायकों की अयोग्यता के मामले की सुनवाई चल रही है। इस सुनवाई को लेकर विपक्षी दलों और सत्तापक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी बीच अमरावती जिले के दर्यापुर से कांग्रेस विधायक बलवंत वानखेड़े ने भाजपा पर जोरदार हमला किया है। भाजपा की सत्ता राज्य में जाने के बाद वह व्याकुल हो गई थी। यही कारण है कि उद्धव ठाकरे को धोखा देकर भाजपा ने एकनाथ शिंदे के साथ सत्ता हासिल की। विधायकों को अयोग्य ठहराए जाने से क्या हो सकता है, ये भाजपा अच्छी तरह जानती है?
इसलिए भाजपा ने एक और राजनीतिक खेल खेलकर राकांपा को विभाजित कर दिया है, यह आरोप विधायक वानख़ेडे ने भाजपा पर लगाया है। विधायक वानखेड़े ने यह भी दावा किया कि विधायकों की अयोग्यता से जुड़े मामले की सुनवाई के बाद भाजपा एकनाथ शिंदे या अजीत पवार में से किसी एक का पत्ता काट सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने राहुल नार्वेकर को विधायकों की अयोग्यता पर जल्द से जल्द पैâसला लेने का आदेश दिया है। इसके बाद नार्वेकर तुरंत दिल्ली के दौरे पर निकल गए थे। इसलिए अब उनके दिल्ली दौरे को लेकर सवाल उठ रहा है कि आखिर वे दिल्ली क्यों गए थे? यह सवाल विधायक वानखड़े ने भी उपस्थित किया है। अगर भाजपा के पास विधायकों की ताकत थी तो अजीत दादा को अपने साथ लेने की क्या जरूरत थी।
उन्होंने आगे कहा कि अजीत पवार को अपने साथ लेना भाजपा का एक बड़ा राजनीतिक खेल है। भाजपा की नीति है कि काम है तब तक उपयोग करो, बाद में फेंक दो, ऐसा ही खेल भाजपा ने देश के कई राज्यों में भी खेला। क्षेत्रीय पार्टियों के साथ जुड़कर अपना काम निकालने के बाद में उसी क्षेत्रीय पार्टी को खत्म कर देने की भाजपा की नीति है, परंतु आगामी चुनाव में भाजपा को इसकी सजा अवश्य मिलेगी, ऐसा विश्वास वानखेड़े ने व्यक्त किया।

अन्य समाचार

बोले तारे