- कांग्रेस को मिलेगा स्पष्ट बहुमत
- सीएम के लिए सिद्धारमैया पहली पसंद
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
कर्नाटक के आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। कल एबीपी न्यूज सीवोटर के ओपिनियन पोल में ये बात सामने आई है। इस पोल में २४,७५९ लोगों की राय ली गई है। उनसे अलग-अलग सवाल पूछे गए हैं। इस सर्वे के नतीजे बेहद दिलचस्प हैं।
इस ओपिनियन पोल के तहत कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलेगा और सत्तारूढ़ दल भाजपा को तगड़ा झटका लगेगा। सीएम पद के लिए सिद्धारमैया लोगों की पहली पसंद हैं। उन्हें ३९ फीसदी जनता का समर्थन मिला। इसके बाद ३१ फीसदी के साथ बसवराज बोम्मई दूसरे और २१ फीसदी के साथ कुमारस्वामी तीसरे नंबर पर हैं। सर्वे में दिलचस्प पहलू यह है कि इसमें कांग्रेस को बढ़त दी गई है। २२४ सीटों में कांग्रेस ११५-१२७ सीटें पाती दिख रही है, वहीं भाजपा को ६८ से ८० सीटें मिली हैं। बता दें कि निर्वाचन आयोग ने कल बुधवार को चुनाव का एलान कर दिया। कर्नाटक में २२४ सदस्यीय विधानसभा है। वर्तमान में भाजपा के पास ११९ व कांग्रेस के पास ७५ सीटें हैं। जद-एस के पास २८ विधायक हैं। दो सीटें खाली हैं।