मुख्यपृष्ठनए समाचार‘त्र्यंबकेश्वर में दंगा कराने की भाजपा की कुटिल साजिश नाकाम!'-नितेश राणे के...

‘त्र्यंबकेश्वर में दंगा कराने की भाजपा की कुटिल साजिश नाकाम!’-नितेश राणे के खिलाफ हो एसआईटी जांच

सामना संवाददाता / मुंबई
भारतीय जनता पार्टी और उससे जुड़े संगठन महाराष्ट्र में सांप्रदायिक तनाव पैदा कर दंगे कराने की साजिश रच रहे हैं। भाजपा से जुड़े लोगों ने जान-बूझकर माहौल खराब करने के लिए बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक त्र्यंबकेश्वर पर धूप दिखाने को मुद्दा बनाया है। हालांकि, त्र्यंबकेश्वर में धूप दिखाने की परंपरा सैकड़ों वर्षों से चली आ रही है। त्र्यंबकेश्वर की जनता ने आपसी सुझबूझ से यहां भाजपा द्वारा दंगा कराने की कुटिल साजिश को नाकाम कर दिया, ऐसा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा।
त्र्यंबकेश्वर मामले को लेकर भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए पटोले ने कहा कि राज्य के सामाजिक सद्भाव को खराब करने के मकसद से संभाजीनगर, अकोला, शेवगांव, नगर के बाद अब त्र्यंबकेश्वर में माहौल बिगाड़ने का काम किया जा रहा है। त्र्यंबकेश्वर में हिंदू महासभा, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासंघ, भाजपा आध्यात्मिक गठबंधन, युवा मोर्चा, लव जिहाद संगठन सहित भाजपा के सदस्यों ने मंदिर की सीढ़ियों पर गोमूत्र छिड़ककर महाआरती की है। हिंदुओं के अलावा अन्य धर्मों के लोगों को मंदिर में प्रवेश नहीं करने के बैनर दिखाए गए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह चिंताजनक है कि भाजपा अपने राजनीतिक लाभ के लिए लोगों के बीच धार्मिक विवाद पैदा कर रही है, लेकिन राज्य की जनता समझदार है और भाजपा की ऐसी साजिश के झांसे में नहीं आएगी।
ग्रामीणों और पुलिस का कहना है कि धूप दिखाने की परंपरा काफी समय से चली आ रही है, लेकिन भाजपा से जुड़े संगठन जान-बूझकर तनाव पैदा कर रहे हैं। पटोले ने कहा कि एसआईटी टीम को भोसले, हिंदू महासभा के आनंद दवे और विधायक नितेश राणे के खिलाफ जांच करनी चाहिए, जिन्होंने त्र्यंबकेश्वर के माहौल को बिगाड़ने का काम किया है।

अन्य समाचार