सामना संवाददाता / नई दिल्ली
इन दिनों लोकसभा में जाति को लेकर जमकर घमासान हो रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा `जाति’ पर सवाल पूछे जाने पर राजनीति में उबाल आ गया है। कांग्रेसी आगबबूला हो उठे हैं। जाति पर भाजपा की गंदी राजनीति देखकर पूरे देश में भाजपा का विरोध जताया जा रहा है। उस पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुराग ठाकुर के भाषण का समर्थन किया है, जिससे पूरे देश में घमासान मचा हुआ है। देश के कोने-कोने में अनुराग ठाकुर के पुतले जलाए जा रहे हैं। सुलतानपुर से भदोही तक भाजपा और अनुराग ठाकुर का विरोध जताया है।
पीएम को शोभा नहीं देता :दिग्विजय सिंह
बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की जाति पूछे जाने पर विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ठाकुर के भाषण की तारीफ की है। इस पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, `यह बदतमीजी है…प्रधानमंत्री से उम्मीद नहीं थी कि वह इसका समर्थन करेंगे।’
मोदी के खिलाफ एक्शन का प्लान
संसद में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ एक्शन की तैयारी की है। कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने पीएम मोदी के खिलाफ एसजी के सामने विशेषाधिकार हनन की शिकायत दर्ज करा दी है। कांग्रेस ने बुधवार को ही आरोप लगाया है कि पीएम मोदी ने केंद्रीय मंत्री ठाकुर के भाषण का वीडियो शेयर कर संसदीय विशेषाधिकार के घोर हनन को बढ़ावा दिया है। कांग्रेस का आरोप हैं कि सांसद ने नेता प्रतिपक्ष की जाति पूछकर चर्चा के स्तर को गिराया है।
कांग्रेस ने फूंका अनुराग ठाकुर का पुतला
संसद में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की तरफ से राहुल गांधी पर एक विवादित टिप्पणी पर देशभर में सत्ता और विपक्ष के बीच सियासी जंग तेज हो गई है। बुधवार को भदोही से लेकर सुलतानपुर तक जगह-जगह अनुराग ठाकुर के पुतले फूंके गए। बुधवार को अवध के सुलतानपुर जिले में कलेक्ट्रेट के सामने पुलिस की मौजूदगी में कांग्रेसियों भाजपा नेता अनुराग ठाकुर का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया।