मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा का चुनावी खेल... लोकसभा चुनाव खत्म होते ही कई टेंडर रद्द!......

भाजपा का चुनावी खेल… लोकसभा चुनाव खत्म होते ही कई टेंडर रद्द!… मुंबई में २३८ एसी लोकल की जुमलेबाजी शुरू

सामना संवाददाता / मुंबई

भारतीय जनता पार्टी का चुनावी जुमलेबाजी का खेल जारी रहता है। लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद विभिन्न विभागों के कई टेंडर रद्द कर दिए गए। अब विधानसभा चुनावों के मद्देनजर फिर से बड़े-बड़े वादे किए जा रहे हैं। इससे यह सवाल उठता है कि क्या विधानसभा चुनाव के बाद इन टेंडरों को फिर से रद्द कर दिया जाएगा। बता दें कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को मुंबई और महाराष्ट्र में चल रहीं तमाम रेल परियोजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान मंत्री ने २३८ एसी लोकल ट्रेनों के अधिग्रहण पर विशेष जोर दिया, जिससे मुंबई के उपनगरीय मार्ग पर एसी लोकल ट्रेनों के चलने का रास्ता साफ हो गया है। मुंबई दौरे पर आए रेल मंत्री ने लोकल ट्रेनों की पंक्चुएलिटी में सुधार के लिए एडब्लूएस, कवच और सीबीटीसी सिस्टम को लागू करने पर जोर दिया है। इससे लोकल सेवाओं में सुधार होने की उम्मीद है। मंत्री ने मध्य और पश्चिम रेलवे नेटवर्क, एमआरवीसी, केआरसीएल और संबंधित संस्थाओं के भीतर क्षमता वृद्धि और बुनियादी ढांचे में वृद्धि के उद्देश्य से चल रही परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की।
एमयूटीपी-३ और ३-ए जैसी परियोजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया गया। मध्य रेलवे के परेल, कल्याण, एलटीटी, पनवेल, कलंबोली में योजनाबद्ध मेगा कोचिंग टर्मिनलों द्वारा क्षमता बढ़ाने के लिए चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की गई। पश्चिम रेलवे ने ५वीं और ६ठीं लाइन और विरार-डहाणू के बीच बिछाई जा रही दो नई रेल लाइन परियोजनाओं की अपडेट जानकारी दी। वसई बायपास लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण और हार्बर लाइन के विस्तार से संबंधित मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। हालांकि, यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या इन वादों को पूरा किया जाएगा या यह भी सिर्फ चुनावी जुमले ही बनकर रह जाएंगे।

अन्य समाचार