मुख्यपृष्ठनए समाचारविकास की नहीं, विधायकों की खरीद-फरोख्त भाजपा की नीति! ...षड्यंत्रकारियों ने जेल...

विकास की नहीं, विधायकों की खरीद-फरोख्त भाजपा की नीति! …षड्यंत्रकारियों ने जेल में डाल दिया वरना… हेमंत सोरेन ने चुन-चुनकर किए हमले

सामना संवाददाता / पाकुड़
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कल कहा कि भाजपा की नीति विकास की नहीं, बल्कि विधायकों को तोड़ने, खरीद-फरोख्त करने की है, जिसे जनता समझ चुकी है। मुख्यमंत्री मइया सम्मान योजना का शुभारंभ पाकुड़ जिले के गायबथान पंचायत से किया। इस मौके पर तिलका मांझी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आज ऐतिहासिक दिन है। मुख्यमंत्री मइया योजना की शुरुआत हो रही है।
मुख्यमंत्री सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि आधी आबादी के लिए वर्षों से कुछ विशेष कार्य के लिए सोच रहा था। इसी बीच षड्यंत्रकारियों ने मुझे जेल में डलवा दिया। हेमंत सोरेन ने कहा कि जेल नहीं गया होता तो यह योजना एक वर्ष पहले ही शुरू हो जाती। इस ऐतिहासिक दिन को धरातल पर लाने के लिए कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने आगे कहा कि कुछ षडयंत्रकारियों ने योजनाओं को धरातल पर उतारने से पहले षड्यंत्र रचा, लेकिन हमने हिम्मत नहीं हारी। गांव-गांव तक लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल शुरू की है। आप और हम मिलकर षडयंत्रकारियों के गलत मंसूबों पर पानी फेरने का कार्य करेंगे।
संताल परगना के मसले पर बीजेपी को घेरा
मुख्यमंत्री सोरेन ने संताल परगना के मसले पर भाजपा को घेरा। कहा कि गुरुजी शिबू सोरेन ने वर्ष २००० में झारखंड राज्य लिया। अब भाजपा वाले कहते हैं कि संताल परगना को झारखंड से अलग कर दो, क्योंकि संताल में भाजपा की राजनीतिक जमीन नहीं है। फिर इन षडयंत्रकारियों ने षड्यंत्र रच कर मुझे जेल में डाल दिया और लोकसभा चुनाव करवाया। फिर भी झामुमो गठबंधन को पांच सीटें मिलीं। अगर मैं जेल के बाहर रहता तो १२ सीटें जीतता।

सीएम सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार गांव से चलनेवाली सरकार है। जब राज्य में डबल इंजन की सरकार थी, तब ऐसी कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत क्यों नहीं की गई थी? भाजपा की सरकार जब कानून बनाती है तब वह संवैधानिक हो जाता है और जब हम कानून बनाते हैं तब वह असंवैधानिक हो जाता है। इस विधानसभा चुनाव में भाजपा झारखंड से बाहर हो जाएगी। सूबे के मंत्री सत्यानंद भोक्ता, दीपिका सिंह पांडेय, बेबी देवी ने भी लोगों को संबोधित किया।

अन्य समाचार