मुख्यपृष्ठखबरेंनीला पड़ा शरीर, शहर में मचा हाहाकार... लुधियाना में गटर से निकली...

नीला पड़ा शरीर, शहर में मचा हाहाकार… लुधियाना में गटर से निकली जानलेवा गैस!

  • हादसे में लोगों की हो गई मौत
  • कई गंभीर मरीज अस्पताल में भर्ती

सामना संवाददाता / चंडीगढ़
पंजाब के लुधियाना में कल रविवार की सुबह हाहाकार मच गया। अचानक एक मोहल्ले में लोग बेहोश होने लगे। उनके शरीर नीले पड़ने लगे। कुछ की मौत भी हो गई। ऐसा लगा मानो वहां पर कोई केमिकल अटैक हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम वहां पर पहुंच गई। कई बेहोश लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती जांच में बताया गया कि गटर से जहरीली जानलेवा गैस बाहर निकली, जिससे ये हादसा हुआ।
कल देर शाम खबर लिखे जाते वक्त जहरीली गैस रिसाव के कारण बच्चों समेत ११ लोगों की मौत हो गई। मरनेवालों में महिलाएं भी शामिल हैं। एक दर्जन से अधिक लोग बेहोश हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में इलाज के बाद बचाया जा सका। मरने वालों में ५ महिलाएं और ६ पुरुष शामिल हैं। लुधियाना की डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर सुरभि मलिक ने इन आंकड़ों की पुष्टि की है।
लिए गए सैंपल
मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लेने के बाद सुरभि मलिक ने बताया कि ‘लोगों को पैनिक होने की जरूरत नहीं है। एनडीआरएफ की टीम राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई है। पुलिस और प्रशासन की तरफ से भी हरसंभव मदद की जा रही है। प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि सीवर की गैस की वजह से ही ऐसा हुआ है। फिलहाल, डिटेल जांच की जा रही है। मैनहोल से सैंपल ले रहे हैं कि आखिर किस केमिकल से रिएक्ट करके यह जानलेवा गैस निकली? फिलहाल, किसी तरह की पाइपलाइन फटने की कोई खबर नहीं मिली है। सेफ्टी के लिहाज से लोगों को इस एरिया से थोड़ी दूर रहने की सलाह दी जा रही है।’
पीड़ितों के परिजनों को मुआवजा
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने मृतकों के परिजन और घायलों के लिए मुआवजे का एलान किया है। डॉ. बलबीर सिंह ने कहा, ‘अब तक ११ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि ४ को भर्ती कराया गया है। मैं मृतकों के परिजनों से मिलूंगा और २ लाख रुपए की अनुग्रह राशि प्रदान करूंगा। साथ ही जो लोग अस्पताल में भर्ती हैं, उन्हें ५०,००० रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा घटना की उचित जांच की जाएगी। वहीं पुलिस ने कहा कि किस गैस का रिसाव हुआ और इसका क्या कारण था, यह फिलहाल पता नहीं लगाया जा सका है। बहरहाल, लुधियाना की डीसी सुरभि मलिक ने बताया कि ऐसी आशंका है कि सीवर में कुछ रसायनों की मीथेन गैस से प्रतिक्रिया हुई होगी।

पूरा इलाका सील
उधर पंजाब के सीएम भगवंत मान भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों से वे पल-पल की अपडेट ले रहे हैं। फिलहाल, पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और सिर्फ चुनिंदा लोगों को ही अंदर जाने की इजाजत दी जा रही है। सीएम ने ट्वीट किया, ‘लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में गैस रिसाव की घटना बेहद दुखद है। पुलिस, सरकार और एनडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद हैं। हर संभव मदद की जा रही है।’ जहरीली गैस रिसाव के कारण मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। अस्पताल में भर्ती मरीजों की अच्छी सेहत के लिए डॉक्टर्स भी हरसंभव कोशिश कर रहे हैं।

सीएम ने जताया दु:ख
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घटना को बेहद दर्दनाक बताते हुए कहा कि हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में गैस रिसाव की घटना बेहद दर्दनाक है। पुलिस, जिला प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद हैं, हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है।’

अन्य समाचार