हुई लहू के मोल पर, मातृभूमि आजाद।
होने ना देंगे कभी, हम इसको बर्बाद।।
लिए तिरंगा मर मिटे, भारत-मां के लाल।
धन्य-धन्य वो मात है, जिसने जन्मे लाल।।
सही सलामत देश ही, है मेरा अभिमान।
मिलजुलकर रक्षा करें, रखें हथेली जान।।
शांति भंग कर लोग फिर, करते खडे़ सवाल।
प्रेम, अहिंसा,शांति से, उत्तर सभी निकाल।।
आज़ादी के जश्न पर, भारी मन की पीर।
आएंगे कितने अभी, ध्वज लिपटकर वीर।।
जय हो हिंदुस्थान की, विनती है भगवान।
राष्ट्रभक्त के रूप में, गाएं बस गुणगान।।
सभी धरे संकल्प यह, हर जन पहरेदार।
तभी मनेगा देश में, आजादी का त्योहार।।
आज जरूरत है यही, रहे सदा वो ध्यान।
आजादी की चाह में, दे दी जिन ने जान।।
-डॉ. सत्यवान सौरभ