-१० साल से बन ही रहा है पुल
सामना संवाददाता / पटना
बिहार में गंगा नदी पर १,७१० करोड़ रुपए से ज्यादा का बन रहा सुल्तानगंज-खगड़िया अगुवानी पुल का एक हिस्सा कल तीसरी बार सुबह ढह गया। भागलपुर से खगड़िया को जोड़ने के लिए सीएम नीतीश कुमार ने २३ फरवरी २०१४ को पुल का शिलान्यास किया था। इस पुल का निर्माण का ठेका एसपी सिंगला कंपनी को दिया गया था। जब दूसरी बार यह पुल गिरा था तो पटना हाई कोर्ट ने संज्ञान लिया था। तब ठेका कंपनी ने अदालत को बताया था कि कंपनी बचा काम खुद के खर्चे पर कराएगी। इसका अगला हिस्सा शनिवार को गिर गया।
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, अगुवानी-सुल्तानगंज पुल का एक स्लैब सुबह करीब आठ बजे गिर गया। उन्होंने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। पिछले साल इस पुल के चार-पांच खंभे ढह गए थे, जिससे पूरा हिस्सा नदी में समा गया था। पिछले कुछ महीनों में राज्य में कई पुल ढह गए हैं, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
पुल निर्माण का सौ मीटर पहला हिस्सा २७ अप्रैल २०२२ को गंगा नदी में समा गया था। तेज आंधी को पुल के हिस्से को ध्वस्त होने का कारण बताया गया था। उस वक्त पुल का अधिकतर हिस्सा बन गया था। हालांकि, उस वक्त कोई जान का नुकसान नहीं हुआ था। दूसरी बार ४ जून २०२३ को पुल का पाया नंबर १०,११ और १२ का पूरा हिस्सा अगुवानी की तरफ गिरा था। यह करीब दो सौ मीटर था। उस वक्त ड्यूटी पर दो गार्ड लापता हो गए थे, जिसका पता नहीं चला।